न्याय धारा/ कानपुर नगर। शुक्रवार 20 नवम्बर 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी/संवाददाता) सूर्य दक्षिणायन, कार्तिक मास शुक्ल पक्ष की दसमी, हेमंत ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत जनपद के सूचीबद्ध निजी चिकित्सालयों में गुणवत्ता मानकों को लागू करने और एनएबीएच सर्टिफिकेशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय स्थित आरसीएच सभागार में ‘गुणवत्ता यात्रा’ कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी ने की। भारतीय गुणवत्ता परिषद (क्यूसीआई) के राष्ट्रीय गुणवत्ता संवर्धन बोर्ड (एनबीक्यूपी) की ओर से राष्ट्रीय अस्पताल एवं स्वास्थ्य सेवा प्रदाता प्रत्यायन बोर्ड (एनएबीएच) के सहयोग से इसका आयोजन किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी ने कहा कि कानपुर को स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत चयनित किया गया है। किसी भी शहर की स्मार्ट पहचान तभी पूरी होती है, जब वहां के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित, विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों। कानपुर प्रदेश का प्रमुख औद्योगिक नगर होने के साथ ही आसपास के कई जनपदों के मरीजों के उपचार का भी बड़ा केंद्र है। ऐसे में यहां के निजी चिकित्सालयों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि एनएबीएच सर्टिफिकेशन गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और यह विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को साकार करने में भी सहायक होगा। उन्होंने जनपद के सभी निजी चिकित्सालयों से एनएबीएच एंट्री लेवल सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया से जुड़ने की अपील की।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसपी यादव ने कहा कि गुणवत्ता प्रमाणन केवल एक प्रमाण-पत्र नहीं, बल्कि मरीजों के विश्वास और सुरक्षित उपचार का आधार है। जो चिकित्सालय अभी से गुणवत्ता आधारित व्यवस्था अपनाएंगे, वे भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के साथ ही स्वास्थ्य क्षेत्र की बदलती अपेक्षाओं के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकेंगे।
कार्यक्रम का संचालन क्यूसीआई-एनबीक्यूपी की ओर से पंकज कुमार ने किया। उन्होंने भारतीय गुणवत्ता परिषद की भूमिका एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए ‘गुणवत्ता यात्रा’ के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जनपदों के निजी चिकित्सालयों को गुणवत्ता प्रमाणन के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक अस्पताल सरल और चरणबद्ध प्रक्रिया के माध्यम से प्रमाणन प्राप्त कर सकें। तकनीकी सत्र में एनएबीएच की फैकल्टी ने बताया कि एनएबीएच के मानक अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा, संक्रमण नियंत्रण, उपचार की गुणवत्ता और स्वास्थ्य सेवाओं की प्रक्रियाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस दौरान एंट्री लेवल सर्टिफिकेशन के प्रमुख मानकों, आवश्यक दस्तावेजों तथा आवेदन से लेकर प्रमाणन प्राप्त करने तक की पूरी प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी दी गई। प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं और शंकाओं का समाधान भी किया गया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जनपद के निजी चिकित्सालयों को एनएबीएच एंट्री लेवल सर्टिफिकेशन अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। इस अवसर पर आयुष्मान भारत टीम के डॉ. सुधाकर प्रसाद शुक्ला एवं आशीष दीक्षित सहित मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी तथा विभिन्न निजी चिकित्सालयों के संचालक, चिकित्सक और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

addComments
एक टिप्पणी भेजें