न्याय धारा/ कानपुर नगर। गुरुवार 19 नवम्बर 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी/संवाददाता) सूर्य दक्षिणायन, कार्तिक मास शुक्ल पक्ष की दसमी, हेमंत ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जनशिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ सिंह की अध्यक्षता में सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की निस्तारण प्रगति, शिकायतकर्ताओं के फीडबैक, कॉलिंग प्रतिशत तथा डिफॉल्टर एवं सी श्रेणी के प्रकरणों की समीक्षा की गई। अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर संबंधित विभागों को चेतावनी देते हुए कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी नगर ने शिकायतों की निस्तारण आख्याओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रायः संज्ञान में आ रहा है कि विभागों द्वारा प्रेषित आख्याएं न तो गुणवत्तापूर्ण होती हैं और न ही संबंधित प्रकरण के अनुरूप। ऐसी स्थिति स्वीकार्य नहीं है। प्रत्येक शिकायत का समुचित परीक्षण कर प्रकरण से संबंधित तथ्यपरक आख्या प्रस्तुत की जाए, जिसमें की गई कार्रवाई का पूरा विवरण हो। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस पर शिकायत का निस्तारण केवल आख्या अपलोड करने की औपचारिकता नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या के वास्तविक समाधान पर केंद्रित होना चाहिए।
बैठक में नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, केस्को, समाज कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की गई। डिफॉल्टर एवं सी श्रेणी के प्रकरणों पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने तथा निस्तारण की गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी विभागों को फीडबैक 60 प्रतिशत तथा कॉलिंग 80 प्रतिशत से अधिक करने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए समयसीमा के भीतर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
अपर जिलाधिकारी नगर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आईजीआरएस शिकायतों की निगरानी स्वयं करें और केवल कंप्यूटर ऑपरेटर के भरोसे निस्तारण की जिम्मेदारी न छोड़ें। अधिकारी नियमित रूप से पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों, लंबित प्रकरणों, निस्तारण आख्याओं एवं शिकायतकर्ताओं के फीडबैक की समीक्षा करें। शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के साथ शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि को भी प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट संदीप कुमार, डिप्टी कलेक्टर शिखा शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

addComments
एक टिप्पणी भेजें