न्याय धारा/ कानपुर नगर। रविवार 15 नवम्बर 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी/संवाददाता) सूर्य दक्षिणायन, कार्तिक मास शुक्ल पक्ष की षष्ठी (छठ पूजा), हेमंत ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। अवैध खनन, खनिज परिवहन और ओवरलोडिंग के विरुद्ध शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। विभाग के निदेशक एवं विशेष सचिव डॉ. उज्ज्वल कुमार ने कानपुर नगर, हमीरपुर और महोबा में औचक निरीक्षण कर खनिज परिवहन एवं खनन गतिविधियों की जांच की।
इस काल खंड में कानपुर नगर के नौबस्ता मार्ग पर बिना वैध परिवहन प्रपत्रों के उपखनिज ले जा रहे पांच वाहन पकड़े गए, जिनके विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के समय वाहन संख्या यूपी 32 पीएन 9127, यूपी 78 केएन 8929, यूपी 78 एचटी 6321, यूपी 78 जेएन 9979 तथा यूपी 78 जेएन 8434 बिना वैध परिवहन प्रपत्रों के उपखनिज का परिवहन करते पाए गए। निदेशक ने खान अधिकारी, कानपुर नगर को अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खनिज परिवहन में आईएसटीपी के अपवंचन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हमीरपुर में परिवहन की जांच, महोबा में स्टोन क्रशरों पर अनियमितताएं
कानपुर नगर के बाद निदेशक ने हमीरपुर में उपखनिज परिवहन करने वाले वाहनों की जांच की। उन्होंने खान अधिकारी को निर्देश दिए कि प्रत्येक वाहन में वैध परिवहन प्रपत्र की अनिवार्यता तथा निर्धारित लोडिंग मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
इसके बाद महोबा में संचालित स्टोन क्रशरों एवं खनन पट्टों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। जांच में कुछ स्टोन क्रशरों पर उपलब्ध स्टॉक की अनुमानित मात्रा पोर्टल पर दर्ज विवरण के अनुरूप नहीं पाई गई। निदेशक ने इन अनियमितताओं पर ज्येष्ठ खान अधिकारी, महोबा को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही खनन कार्यों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टोन क्रशर संचालकों एवं पट्टाधारकों के प्रतिनिधियों से संवाद भी किया।
राज्य की सीमा पर बढ़ेगी निगरानी
डॉ. उज्ज्वल कुमार ने कहा कि अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने अन्य राज्यों की सीमाओं पर जिला टास्क फोर्स के माध्यम से सघन निगरानी कराने तथा खनिज परिवहन में आईएसटीपी की अनिवार्यता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निदेशक ने राजस्व प्राप्ति बढ़ाने के लिए खनन पट्टों का नियमानुसार संचालन, रिक्त खनन क्षेत्रों के विज्ञापन तथा नए खनन क्षेत्रों को सम्मिलित करने की दिशा में भी कार्रवाई करने को कहा।

addComments
एक टिप्पणी भेजें