न्याय धारा/ कानपुर नगर। रविवार 01 नवम्बर 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी /संवाददाता) सूर्य दक्षिणायन, कार्तिक मास कृष्ण पक्ष की अष्टमी, हेमंत ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक 2026 के अंतर्गत संजय वन में भूगर्भ जल विभाग एवं सर्वधर्म योग संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में स्वस्थ जीवनशैली एवं ईंधन संरक्षण के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
वन वीक, सेवन एक्शंस, वन प्लैनेट अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का विषय ‘स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं’ रखा गया।
सहायक अभियंता (लघु सिंचाई) श्रीमती अर्चना सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। दैनिक जीवन में योग एवं नियमित शारीरिक गतिविधियों को शामिल करने, छोटी दूरी के लिए वाहनों के स्थान पर पैदल चलने तथा अनावश्यक वाहन उपयोग से बचने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में योग गतिविधियों का आयोजन भी किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों को बताया गया कि नियमित योग एवं शारीरिक गतिविधियां स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। साथ ही अनावश्यक वाहन उपयोग में कमी लाकर ईंधन संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दिया जा सकता है। इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पैदल चलने को प्रोत्साहित करने तथा ईंधन संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई गई।

addComments
एक टिप्पणी भेजें