न्याय धारा/ कानपुर नगर। सोमवार 02 नवम्बर 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य दक्षिणायन, कार्तिक मास कृष्ण पक्ष की नवमी, हेमंत ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू), कानपुर के इंस्टीट्यूट ऑफ फाइन आर्ट्स की ओर से कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के प्रेरणादायी मार्गदर्शन में आयोजित ‘कला उत्सव-2026’ का भव्य शुभारंभ एनोवेशन पार्क में किया गया। दीपावली की थीम पर आधारित इस उत्सव में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनी में आकर्षक पेंटिंग, हस्तशिल्प, सजावटी सामग्री, क्राफ्ट और फेस पेंटिंग सहित विभिन्न कलात्मक विधाओं को शामिल किया गया। विद्यार्थियों की ओर से तैयार की गई कलाकृतियों ने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्य डॉ. वंदना पाठक ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों की कलाकृतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कला उत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, संवेदनाओं, विचारों और भावनाओं को रंगों, आकृतियों एवं रचनात्मक शिल्प के माध्यम से अभिव्यक्त करने का अवसर देता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के भीतर छिपी सृजनात्मक क्षमता को सामने लाने के साथ उन्हें अपनी कलाकृतियों के विपणन और बिक्री का व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में कला की विविधता, मौलिकता और रचनात्मकता का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
इंस्टीट्यूट ऑफ फाइन आर्ट्स के निदेशक डॉ. मिठाई लाल ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए भारतीय कला के उद्भव, कला सृजन की बारीकियों तथा कला के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को पहचानने और उसे व्यावहारिक धरातल पर उतारने का अवसर देते हैं।
कार्यक्रम संयोजक तनीषा वधावन ने बताया कि कला उत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी कलाकृतियों का प्रदर्शन करने के साथ उनका विक्रय भी कर सकें। इससे विद्यार्थियों को कला के साथ मार्केटिंग, उद्यमिता और स्वरोजगार के विभिन्न पहलुओं को समझने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहायक आचार्य डॉ. राज कुमार सिंह, जे.बी. यादव, डॉ. रणधीर सिंह, डॉ. विजय त्रिपाठी, विनय सिंह, डॉ. मंतोष यादव, प्रिया मिश्रा, कीर्ति वर्मा सहित संस्थान के विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

addComments
एक टिप्पणी भेजें