Customised Ads
जिलाधिकारी, नगर आयुक्त एवं मुख्य विकास अधिकारी, sdm सदर, द्वारा रात्रिकालीन निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण

न्याय धारा/ कानपुर नगर। बुधवार 28 अक्टूबर 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी /संवाददाता) सूर्य दक्षिणायन, कार्तिक मास कृष्ण पक्ष की द्वितीया तदुपरि तृतीया, हेमंत ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर।  कल 27 की रात्रि 11:30 बजे जिलाधिकारी महोदय, नगर आयुक्त महोदय, मुख्य विकास अधिकारी एवं एसडीएम सदर द्वारा शहर में संचालित सड़क निर्माण, पैच वर्क एवं मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। 

निरीक्षण के काल खंड में संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।

बजरिया थाने के सामने नाला रोड पर पैच कार्य का निरीक्षण

नगर निगम द्वारा जोन-4 अंतर्गत बजरिया थाने के सामने नाला रोड पर कराए जा रहे लगभग 450 मीटर लंबे पैच कार्य, जिसकी लागत ₹18 लाख है, का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सड़क के समुचित समतलीकरण एवं पैच जॉइंट की फिनिशिंग में कमी पाई गई, जिससे सड़क की सतह एकसमान नहीं दिखाई दे रही थी।

इस पर जिलाधिकारी एवं नगर आयुक्त महोदय द्वारा संबंधित जोनल अभियंता को निर्देशित किया गया कि ठेकेदार से तत्काल कार्य में सुधार कराते हुए समुचित समतलीकरण, फिनिशिंग एवं गुणवत्तापूर्ण वर्कमैनशिप सुनिश्चित कराई जाए। ठेकेदार द्वारा आश्वस्त किया गया कि कार्य को उसी रात्रि में ठीक कराकर नगर आयुक्त महोदय को अवगत कराया जाएगा।

चुन्नीगंज चौराहे से राजीव पेट्रोल पंप तक लोक निर्माण विभाग के कार्य का निरीक्षणइसके उपरांत चुन्नीगंज चौराहे से राजीव पेट्रोल पंप तक लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। संबंधित अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि कार्य की लंबाई लगभग 1.7 किलोमीटर तथा लागत ₹101.44 लाख है।

जिलाधिकारी महोदय द्वारा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कार्य को अति शीघ्र पूर्ण कराया जाए तथा शहर के अन्य क्षेत्रों में विभाग द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों में भी गुणवत्ता मानकों एवं निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। कार्य में अनावश्यक विलंब न हो तथा मार्ग को शीघ्र आवागमन हेतु सुचारु किया जाए।

स्वरूप नगर में मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के कार्य का निरीक्षण

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी एवं नगर आयुक्त महोदय द्वारा स्वरूप नगर में मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के अंतर्गत कराए जा रहे निर्माण कार्य का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था से कार्य की प्रगति तथा निर्धारित समयसीमा के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।

जिलाधिकारी एवं नगर आयुक्त महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि कार्य को दीपावली से पूर्व प्रत्येक दशा में पूर्ण कराया जाए। इस पर संबंधित कार्यदायी संस्था द्वारा आश्वस्त किया गया कि दिनांक 02 नवंबर तक मार्ग के एक ओर का कार्य पूर्ण कर मार्ग को क्लियर कर दिया जाएगा। साथ ही, कुल चार कार्यों में से तीन कार्य नवंबर माह तक प्रत्येक दशा में पूर्ण कर लिए जाएंगे।

अंत में संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया गया कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता एवं जनसुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। इसी के साथ रात्रिकालीन निरीक्षण कार्यक्रम का समापन किया गया।

टिप्पणियाँ