Customised Ads
पांच दिवसीय अट्सू महोत्सव में रामलीला का भव्य आयोजन, सदर विधायक गुड़िया कठेरिया ने फीता काटकर किया शुभारंभ

न्याय धारा/अट्सू औरैया। बुधवार 28 अक्टूबर 2026 (सूत्र/दीपक अवस्थी/संवाददाता) सूर्य दक्षिणायन, कार्तिक मास कृष्ण पक्ष की द्वितीया तदुपरि तृतीया, हेमंत ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। अजीतमल क्षेत्र के नगर पंचायत अट्सू में आयोजित पांच दिवसीय अट्सू महोत्सव के अंतर्गत रामलीला मंचन का भव्य शुभारंभ श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ। सदर विधायक गुड़िया कठेरिया ने फीता काटकर रामलीला मंचन का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने भगवान श्रीराम और लक्ष्मण की आरती उतारकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान संपूर्ण वातावरण श्रीराम के जयकारों से भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम में पहुंचने पर नगर पंचायत अध्यक्ष इंदु गुप्ता एवं अध्यक्ष प्रतिनिधि स्वदेश प्रकाश पोरवाल ने विधायिका का फूल-मालाओं एवं अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। उन्हें स्मृति चिह्न तथा श्रीरामचरितमानस भेंट कर सम्मानित किया गया।

श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान: सदर विधायक 

सदर विधायिका गुड़िया कठेरिया ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है। रामलीला जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं और संस्कारों को जीवंत रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके माध्यम से नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों और उनके जीवन मूल्यों को समझने का अवसर मिलता है।

उन्होंने नगर पंचायत अट्सू में कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए अध्यक्ष इंदु गुप्ता एवं अध्यक्ष प्रतिनिधि स्वदेश प्रकाश पोरवाल को बधाई दी। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का माध्यम भी हैं।

क्षेत्रीय पत्रकारों का हुआ सम्मान

अट्सू महोत्सव के दौरान क्षेत्रीय पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया। सभासदों ने पत्रकारों को पटका पहनाकर तथा शॉल और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। पत्रकारों के जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और समाज व प्रशासन के बीच सेतु की भूमिका निभाने की सराहना की गई।

रामलीला मंचन के शुभारंभ अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। धार्मिक आयोजन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

टिप्पणियाँ