Customised Ads
शारदीय नवरात्रि के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने देवी मंदिरों की व्यवस्थाओं का भौतिक रूप से निरीक्षण किया

न्याय धारा/ कानपुर नगर। रविवार 11 अक्टूबर 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी /संवाददाता) सूर्य दक्षिणायन (शारदीय नवरात्र), आश्विन मास शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा, शरद ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी श्री महेंद्र सिंह तंवर, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन एवं नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने जनपद के प्रमुख देवी मंदिरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस कालखंड में अधिकारियों ने बिरहाना रोड स्थित तपेश्वरी मंदिर एवं बारादेवी मंदिर में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि सभी प्रमुख देवी मंदिरों में पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए तथा साफ-सफाई की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था रखी जाए, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि मंदिरों में पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से आवश्यक सूचनाओं का प्रसारण सुनिश्चित किया जाए तथा सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखते हुए कंट्रोल रूम से भीड़ की सतत निगरानी की जाए। भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए सिविल डिफेंस के वार्डन की तैनाती भी सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित दर्शन की सुविधा मिल सके।

श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने मेडिकल कैंप लगाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेडिकल कैंप में आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था उपलब्ध रखी जाए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान की जा सके।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नवरात्रि के दौरान मंदिरों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मां के दर्शन कर सकें।

टिप्पणियाँ