Customised Ads
कलश यात्रा की तैयारियों को लेकर छावनी मंडल की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

न्याय धारा/ कानपुर नगर। सोमवार 05 अक्टूबर 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य दक्षिणायन (पितृ पक्ष), आश्विन मास कृष्ण पक्ष की दसमी, शरद ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर।  भारतीय जनता पार्टी कानपुर दक्षिण के जिला अध्यक्ष श्री शिवराम सिंह जी के नेतृत्व में आज पूर्व विधायक श्री रघुनंदन भदौरिया जी के कार्यालय में छावनी मंडल के मंडल अध्यक्ष एवं पार्षदों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी कलश यात्रा के सफल आयोजन को लेकर आवश्यक तैयारियों एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री शिवराम सिंह जी ने कहा कि कलश यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कार और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। इसे भव्य, गरिमापूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाए। उन्होंने कहा कि मंडल अध्यक्ष एवं पार्षद अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों से समन्वय स्थापित कर यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दें।

उन्होंने कहा कि सफल आयोजन की सबसे बड़ी ताकत कार्यकर्ताओं का आपसी समन्वय और अनुशासन है। सभी कार्यकर्ता सेवा भाव के साथ व्यवस्थाओं में सहयोग करें और यह सुनिश्चित करें कि कलश यात्रा में शामिल प्रत्येक श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही किसी भी धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन को सुव्यवस्थित रूप दिया जा सकता है।

बैठक में मुख्य रूप से जिला महामंत्री श्री जसविंदर सिंह, श्री शशांक मिश्रा, पार्षद श्री उमेश शुक्ला, श्री संजीव बेरी, श्रीमती सुषमा चौहान, श्रीमती ममता राजपूत, श्री विक्रम पंडित, श्री गौरव चतुर्वेदी, श्री सुमित, श्री ओ.पी. आर्य एवं श्री सनी जायसवाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ