न्याय धारा/ कानपुर नगर। रविवार 18 अक्टूबर 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य दक्षिणायन (शारदीय नवरात्र), आश्विन मास शुक्ल पक्ष की सप्तमी, शरद ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के प्रेरणादायी मार्गदर्शन में छात्राओं के स्वास्थ्य और कल्याण को ध्यान में रखते हुए रविवार को गर्ल्स हॉस्टल में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर के टीकाकरण, ब्रेस्ट कैंसर से बचाव, प्रारंभिक पहचान और समय पर उपचार के प्रति छात्राओं को जागरूक करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय की डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो.अंशु यादव उपस्थित रहीं। विशेषज्ञ वक्ताओं के रूप में एसपीएम अस्पताल की डॉ. वंदना शर्मा तथा जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की डॉ. पाविका लाल और डॉ. गरिमा गुप्ता ने छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। इस अवसर पर महिला अध्ययन केंद्र की समन्वयक प्रो. रश्मि गोरे भी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान डॉ.पाविका लाल ने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए समय पर एचपीवी टीकाकरण के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए जागरूकता, समय पर जांच और चिकित्सकीय परामर्श बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने ब्रेस्ट कैंसर की शुरुआती पहचान के लिए स्तन में होने वाले असामान्य बदलावों के प्रति सतर्क रहने, स्वयं जांच के महत्व को समझने तथा किसी भी असामान्य लक्षण की स्थिति में चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दी। विशेषज्ञों ने छात्राओं को संतुलित आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर चिकित्सकीय परामर्श से कई बीमारियों की पहचान शुरुआती चरण में की जा सकती है, जिससे उपचार की संभावनाएं बेहतर होती हैं। कार्यक्रम में छात्राओं ने भी सक्रिय सहभागिता की और विशेषज्ञों से अपने सवाल पूछकर स्वास्थ्य संबंधी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया।
इस अवसर पर गर्ल्स हॉस्टल की डिप्टी चीफ वार्डन डॉ. ममता तिवारी, असिस्टेंट चीफ वार्डन डॉ. ऐश्वर्या आर्य, त्रिवेणी गर्ल्स हॉस्टल की वार्डन डॉ. सोनाली मौर्य एवं सुश्री अंशिका मिश्रा सहित सभी हॉस्टल वार्डन उपस्थित रहीं। कार्यक्रम छात्राओं के लिए उपयोगी और संवादपरक रहा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्राओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

addComments
एक टिप्पणी भेजें