न्याय धारा/ कानपुर नगर। शुक्रवार 16 अक्टूबर 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी /संवाददाता) सूर्य दक्षिणायन (शारदीय नवरात्र), आश्विन मास शुक्ल पक्ष की षष्ठी, शरद ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में आज सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में कानपुर नगर के समग्र विकास से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक सुरेंद्र मैथानी, नीलिमा कटियार एवं राहुल बच्चा सोनकर, विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई तथा जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक स्वप्निल वरुण उपस्थित रहे।
बैठक में शहर की आधारभूत सुविधाओं, निर्माणाधीन परियोजनाओं, औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं तथा विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कानपुर नगर के समग्र विकास के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। विकास परियोजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन तथा नागरिक सुविधाओं से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। विधानसभा अध्यक्ष ने दीपावली के दृष्टिगत शहर की प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दीपावली से पूर्व शहर की सभी स्ट्रीट लाइटें दुरुस्त कर प्रत्येक प्रकाश बिंदु पर रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे पर्व पर पूरा शहर रोशनी से जगमगाए। साथ ही बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत का कार्य भी दीपावली से पूर्व गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
दीपावली के अवसर पर लगाए जाने वाले पटाखा बाजारों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) को निर्धारित स्थलों का निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने पटाखा बाजारों में अग्नि सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जांच कर पर्याप्त अग्निशमन इंतजाम सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
कानपुर रिंग रोड परियोजना की समीक्षा के दौरान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों ने अवगत कराया कि रिंग रोड का निर्माण पांच पैकेजों में कराया जा रहा है। पैकेज-1 में 64 प्रतिशत, पैकेज-2ए में 50 प्रतिशत, पैकेज-2बी में 21 प्रतिशत, पैकेज-3 में 37 प्रतिशत तथा पैकेज-4 में 42 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। विधानसभा अध्यक्ष ने शेष निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही मेट्रो निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुए मार्गों, नालों, सीवर लाइनों एवं पाइपलाइनों की शीघ्र मरम्मत कराकर उन्हें पूर्ववत सुचारु करने के निर्देश दिए।
एलिमको के पास फुट ओवरब्रिज के निर्माण की समीक्षा में बताया गया कि फाउंडेशन का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा शेष निर्माण प्रगति पर है। विधानसभा अध्यक्ष ने धोबी घाट–रानी घाट से ट्रांस गंगा सिटी तक प्रस्तावित पुल निर्माण से प्रभावित एवं विस्थापित होने वाले परिवारों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सेतु निगम की परियोजनाओं की समीक्षा में अधिकारियों ने सरैया क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के इसी माह शुरू होने की संभावना जताई। इसके अतिरिक्त डोमनपुर–गढ़ेवा पुल, एलिवेटेड कॉरिडोर, मेगा लेदर क्लस्टर, सैबसी झील के संरक्षण, सचौली पुल तथा सराय मीता में शुद्ध पेयजल आपूर्ति सहित अन्य विकास परियोजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) की आवासीय कॉलोनियों से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा में अधिकारियों ने तीन कॉलोनियों की समस्याओं के समाधान के लिए की गई कार्रवाई की जानकारी दी। विधानसभा अध्यक्ष ने शेष लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग एवं उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) से संबंधित मामलों की समीक्षा में सब स्टेशन निर्माण के बावजूद आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बनी समस्याओं के समाधान के लिए दोनों विभागों को समन्वित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। रूमा औद्योगिक क्षेत्र से संबंधित समस्याओं की भी समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, केस्को प्रबंध निदेशक नेहा जैन, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, कानपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

addComments
एक टिप्पणी भेजें