न्याय धारा/ कानपुर नगर। बुधवार 28 अक्टूबर 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य दक्षिणायन, कार्तिक मास कृष्ण पक्ष की द्वितीया तदुपरि तृतीया, हेमंत ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर जिला कार्यालय, नवीन मार्केट में भाजपा पिछड़ा मोर्चा कानपुर उत्तर के तत्वावधान में ‘सबसे ऊंचा सरदार’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने की।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए समर्पित रहा। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व के कारण देशी रियासतों के एकीकरण में ऐतिहासिक सफलता मिली। सरदार पटेल ने देश को एक सूत्र में पिरोने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अखंड भारत के निर्माण को मजबूत आधार प्रदान किया।
संगोष्ठी की प्रस्तावना रखते हुए भाजपा जिला महामंत्री प्रमोद विश्वकर्मा ने सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने में सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन हम सभी को राष्ट्रवाद के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उनका त्याग, समर्पण और राष्ट्र के प्रति अटूट प्रतिबद्धता सदैव देशवासियों का मार्गदर्शन करती रहेगी। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत करना हम सभी का दायित्व है। संगोष्ठी के अंत में भाजपा पिछड़ा मोर्चा कानपुर उत्तर के जिला अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से भाजपा जिला महामंत्री अवधेश सोनकर, प्रमोद विश्वकर्मा शिवांग मिश्रा और सुरेंद्र गुप्ता जीतू कश्यप,अनामिका पाल,मनोज शर्मा प्रधान सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।।

addComments
एक टिप्पणी भेजें