Customised Ads
सीएसजेएमयू में अंतर-परिसर वॉलीबॉल प्रतियोगिता सम्पन्न, अंतर-महाविद्यालय टीम का हुआ चयन

न्याय धारा/ कानपुर नगर। सोमवार 05 अक्टूबर 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य दक्षिणायन (पितृ पक्ष), आश्विन मास कृष्ण पक्ष की दसमी, शरद ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक जी के प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में दिनांक 05 अक्टूबर 2026 को अंतर-परिसर वॉलीबॉल प्रतियोगिता एवं चयन ट्रायल का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य आगामी अंतर-महाविद्यालय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए विश्वविद्यालय टीम का चयन करना था।

कार्यक्रम का उद्घाटन शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. प्रभाकर पाण्डेय द्वारा किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स सेक्रेटरी श्री शुभम हजरिया एवं जॉइंट सेक्रेटरी श्री सौरभ तिवारी भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न परिसरों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, टीम भावना एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों ने प्रतियोगिता को अत्यंत आकर्षक बना दिया। आज के आयोजित इस चयन ट्रायल के आधार पर आगामी अंतर-महाविद्यालय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए विश्वविद्यालय टीम का चयन किया गया। चयनित खिलाड़ियों को विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त होगा।

इस अवसर पर डॉ. प्रभाकर पाण्डेय, श्री शुभम हजरिया एवं श्री सौरभ तिवारी ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा आगामी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और विश्वविद्यालय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

टिप्पणियाँ