Customised Ads
मंधना रेलवे स्टेशन पर पार्किंग एवं परिवहन सुविधाओं के विकास को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक संपन्न

न्याय धारा/ कानपुर नगर। रविवार 04 अक्टूबर 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी /संवाददाता) सूर्य दक्षिणायन (पितृ पक्ष), आश्विन मास कृष्ण पक्ष की अष्टमी, शरद ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में आज जिलाधिकारी शिविर कार्यालय में मंधना रेलवे स्टेशन के आसपास पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन एवं यात्री सुविधाओं के विकास के संबंध में बैठक संपन्न हुई।

बैठक में मंधना रेलवे स्टेशन को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाजनक एवं सुव्यवस्थित बनाए जाने के संबंध में विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री अभिनव जे. जैन, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, डीसीपी ट्रैफिक, अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ सिंह, पीडी एनएचएआई तथा रेलवे के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में रेलवे अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि कानपुर अनवरगंज से मंधना (CPA-MDA) तक एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण प्रस्तावित है, जिसका कार्य संभावित रूप से नवंबर/दिसंबर 2026 से प्रारंभ होना अपेक्षित है। परियोजना के पूर्ण होने के उपरांत मंधना रेलवे स्टेशन इस रेलखंड का अंतिम टर्मिनल स्टेशन बनने की संभावना है। इसके दृष्टिगत स्टेशन पर यात्रियों की संख्या में संभावित वृद्धि को देखते हुए पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन, स्वच्छता एवं यातायात सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि मंधना रेलवे स्टेशन के बाहर उपलब्ध उपयुक्त स्थानों का चिन्हांकन कर व्यवस्थित पार्किंग सुविधा विकसित करने की कार्यवाही की जाए। उन्होंने यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन से कानपुर नगर एवं अन्य प्रमुख क्षेत्रों तक सुगम सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक समन्वय के साथ कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी कल्याणपुर श्री संदीप कुमार (आईएएस) की अध्यक्षता में रेलवे, एनएचएआई एवं ट्रैफिक विभाग की संयुक्त समिति गठित की। उन्होंने समिति को निर्देशित किया कि रविवार को मंधना क्षेत्र का संयुक्त सर्वे करते हुए पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था के लिए उपयुक्त स्थानों का चिन्हांकन कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, जिससे यात्रियों की सुविधा के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से विकसित की जा सकें। बैठक में रेलवे अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में तहसील बिल्हौर के दो तथा तहसील सदर के 13 गांव संबंधित प्रकरण में सम्मिलित हैं। इस संबंध में रेलवे द्वारा दोनों तहसीलों को पत्राचार किया गया है। जिलाधिकारी ने दोनों उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि सोमवार तक संबंधित प्रकरण की स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जा सके।

जिलाधिकारी ने कल्याणपुर से रावतपुर रेलवे स्टेशन के मध्य क्षेत्र में स्वच्छता एवं कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित जोनल अधिकारी को क्षेत्र का सर्वे कर आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में दो दिवस में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम को निर्देशित किया कि संबंधित क्षेत्र में प्रभावी कूड़ा प्रबंधन एवं नियमित कूड़ा उठान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही रेलवे अधिकारियों को रेलवे ट्रैक एवं उसके आसपास के क्षेत्र की नियमित निगरानी एवं स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए, जिससे रेलवे एवं नगर निगम के समन्वित प्रयासों से क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखा जा सके।

बैठक में स्टेशन के बाहर सिविल क्षेत्र में स्थित नालों की समुचित साफ-सफाई, आवश्यकता के अनुसार नालों को कवर्ड कराने तथा फ्लाईओवर के नीचे उपलब्ध उपयुक्त स्थान पर वाहनों की पार्किंग विकसित करने के संबंध में भी आवश्यक कार्यवाही पर चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि मंधना रेलवे स्टेशन पर भविष्य में बढ़ने वाली यात्री संख्या को ध्यान में रखते हुए यात्री सुविधाओं का समग्र विकास प्राथमिकता के साथ किया जाए। पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन, स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए ऐसी सुविधाएं विकसित करें, जिससे यात्रियों को स्टेशन पर आवागमन में अधिक सुविधा एवं सुगमता प्राप्त हो।

टिप्पणियाँ