Customised Ads
आज 17 से 20 तक पोखरा में भारत और नेपाल के बीच अंतरराष्ट्रीय हैंड्रेड-बॉल क्रिकेट श्रृंखला

न्याय धारा/ कानपुर नगर। शनिवार 17 अक्टूबर 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी /संवाददाता) सूर्य दक्षिणायन (शारदीय नवरात्र), आश्विन मास शुक्ल पक्ष की षष्ठी, शरद ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए भारतीय हैंड्रेड-बॉल क्रिकेट टीम शुक्रवार को कानपुर में आयोजित भव्य स्वागत एवं विदाई समारोह के बाद नेपाल के लिए रवाना हो गई। एम्यूचर हैंड्रेड क्रिकेट फेडरेशन (इंडिया) के तत्वावधान में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में 17 से 20 अक्टूबर तक नेपाल के पोखरा स्थित इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत-ए और नेपाल-ए की टीमें आमने-सामने होंगी।

TSH–द स्पोर्ट्स हब क्लब परिसर में आयोजित समारोह में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि भारतीय टीम अपनी प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन और टीम भावना के बल पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाएगी।

क्रीड़ा भारती ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

समारोह में क्रीड़ा भारती के पदाधिकारियों एवं दिव्यांग खेलों से जुड़े प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही। क्रीड़ा भारती की प्रांत मंत्री नीतू कटियार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना और अनुशासन के साथ बेहतर प्रदर्शन करने तथा देश का मान बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने क्रीड़ा भारती की ओर से पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।

क्रीड़ा भारती के महानगर मंत्री श्याम मिश्रा, जिला कोषाध्यक्ष अमित जी तथा प्रांत स्तर पर दिव्यांग आयाम के प्रमुख महेंद्र सिंह सहित अन्य सहयोगियों की भूमिका भी उल्लेखनीय रही।

मिशन निडर की संस्थापक एवं प्रेरक वक्ता शिखा शुक्ला ने खिलाड़ियों को विजय की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेहनत, आत्मविश्वास और एकजुटता किसी भी लक्ष्य को हासिल करने की मजबूत नींव हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करेंगे।

समारोह में राहुल गुप्ता, रोहित गुप्ता, क्रिकेट कोच लेख चंद गुप्ता, पूजा श्रीवास्तव, प्रो. सौरभ श्रीवास्तव और प्रो. सुरेंद्र सिंह डोगरा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उनके सफल अंतरराष्ट्रीय दौरे की कामना की।

विदाई समारोह के दौरान भारतीय टीम के खिलाड़ियों को टी-शर्ट वितरित की गईं। इस पहल का उद्देश्य खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना और उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए प्रोत्साहित करना था। अतिथियों ने खिलाड़ियों को एकजुटता, अनुशासन और खेल भावना के साथ देश का प्रतिनिधित्व करने का संदेश दिया।

IDDA की कॉफी टेबल बुक का प्री-लॉन्च

कार्यक्रम में इंडियन डिसएबिलिटी डार्ट्स एसोसिएशन (IDDA) की कॉफी टेबल बुक का प्री-लॉन्च भी किया गया। यह पहल दिव्यांग खिलाड़ियों की उपलब्धियों, संघर्षों और खेल जगत में उनके योगदान को सामने लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रही। इस अवसर पर प्रो. सौरभ श्रीवास्तव का विशेष सहयोग उल्लेखनीय रहा।

भारतीय टीम के प्रबंधन एवं कोचिंग दल में सौरभ नैन को टीम मैनेजर, महेंद्र प्रताप सिंह को मुख्य कोच, प्रो. सुरेंद्र सिंह डोगरा को मीडिया सलाहकार, कृष्ण कुमार राय को सहायक कोच, आदर्श कुमार को सहायक प्रबंधक, संतोष गुप्ता को बल्लेबाजी कोच तथा भूमिका यादव को तकनीकी प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

भारतीय टीम की कमान प्रसेनजीत सिंह संभालेंगे, जबकि आलोक शर्मा उपकप्तान होंगे। टीम में मोहम्मद अब्बास (विकेटकीपर-बल्लेबाज), उत्कर्ष, अथर्व गौर, दिवाकर तिवारी, वीर बलियान, रोहन, प्रियांशु, कार्तिकेय मलिक, अंकित सिंह, अजय कुमार कठेरिया, सक्षम, राघव और विराज शामिल हैं।

कानपुर के खिलाड़ियों को मिला भारतीय टीम में अवसर

कानपुर की लेक अकादमी के तीन खिलाड़ियों—कप्तान प्रसेनजीत सिंह, विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद अब्बास और ऑलराउंडर उत्कर्ष—का भारतीय टीम में चयन शहर के लिए गौरव का विषय है। इसके अलावा कानपुर के दिवाकर तिवारी, अभिजीत सिंह और अजय कुमार कठेरिया भी भारतीय दल का हिस्सा हैं। महाराष्ट्र के मुंबई निवासी अथर्व गौर को भी टीम में जगह मिली है।

दस वर्षीय राघव के चयन ने खींचा ध्यान

भारतीय टीम में महज दस वर्षीय राघव का चयन विशेष आकर्षण का केंद्र है। बाएं हाथ के गेंदबाज राघव को कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। उनका चयन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है और यह दर्शाता है कि खेलों में प्रतिभा को उचित अवसर देना कितना महत्वपूर्ण है।

कानपुर में आयोजित यह समारोह केवल विदाई कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, खेल संस्कृति को मजबूत बनाने और दिव्यांग खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सम्मान देने का संदेश भी दिया। उपस्थित अतिथियों ने भारतीय टीम को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि खिलाड़ी पोखरा में शानदार प्रदर्शन कर श्रृंखला में सफलता हासिल करेंगे और देश को गौरवान्वित करेंगे।

टिप्पणियाँ