न्याय धारा/ कानपुर नगर। गुरुवार 17 सितम्बर 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी /संवाददाता) सूर्य दक्षिणायन, भाद्रपद मास शुक्ल पक्ष की षष्ठी, वर्षा ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कानपुर नगर के मौखिक निर्देशों के अनुपालन में नोडल अधिकारी (वीबीडी) डॉ. राजेश्वर सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी अरुण कुमार सिंह, मलेरिया निरीक्षक गौतम पुरवार एवं सहयोगी संस्था पाथ के रीजनल कोऑर्डिनेटर डॉ. शिवकांत ने ब्लॉक चौबेपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक, सीएचओ, एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं को डेंगू, मलेरिया एवं फाइलेरिया से होने वाले रोगों की रोकथाम, बचाव एवं नियंत्रण के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
ब्लॉक चौबेपुर स्थित प्रयोगशाला कक्ष का भी गहन निरीक्षण किया गया। डेंगू एवं मलेरिया की आरडीटी किट प्रयोगशाला तथा सभी सीएचओ को उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही भौंती पीएचसी स्थित भौंती गौशाला का निरीक्षण कर वहां वाहक जनित रोगों की रोकथाम के लिए किए जा रहे बुखार सर्वेक्षण, जांच, सोर्स रिडक्शन तथा अन्य निरोधात्मक गतिविधियों का भौतिक सत्यापन किया गया। जनसामान्य को सोर्स रिडक्शन के महत्व की जानकारी देते हुए मच्छरों से होने वाली बीमारियों से बचाव के संबंध में स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान कर जागरूक किया गया।
जनपद के दादानगर, बर्रा-3, यशोदानगर, गुमटी नंबर-5 एवं रतनलाल नगर में डेंगू के मामले तथा भगवंतपुर सचेंडी (कल्याणपुर) क्षेत्र में मलेरिया का मामला सामने आया था। इन क्षेत्रों में आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई पूर्ण करा दी गई है।
विभिन्न क्षेत्रों में एंटोमोलॉजिकल सर्वेक्षण एवं सोर्स रिडक्शन अभियान जारी
जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में एंटोमोलॉजिकल सर्वेक्षण, सोर्स रिडक्शन, लार्वानाशक छिड़काव तथा प्रचार-प्रसार की कार्रवाई की गई। लोगों को लार्वा पनपने वाले स्थानों पर एकत्रित पानी को हटाने, जलभराव वाले स्थानों पर जले हुए मोबिल ऑयल अथवा केरोसीन ऑयल का प्रयोग करने, खुली त्वचा पर प्राकृतिक मच्छररोधी रिपेलेंट क्रीम लगाने तथा शरीर के अधिकांश हिस्से को कपड़ों से ढककर रखने की सलाह दी गई। साथ ही वाहक जनित एवं संचारी रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जनसामान्य को जागरूक किया गया।
धनकुट्टी, एमटीसी ग्वालटोली, घाऊखेड़ा, कुली बाजार, सी-ब्लॉक गोविंद नगर, मुंशीपुरवा, निहूरा गांव, कपली गांव, रावतपुर, फोर्थ क्लास कैंपस मोतीझील, पी-ब्लॉक नवीन नगर काकादेव, गुजैनी, बर्रा-4 एवं पशुपति नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में कुल 944 घरों का सर्वेक्षण किया गया। इनमें 8 घरों में लार्वा धनात्मक पाए गए। कुल 7,135 पात्रों का सर्वेक्षण किया गया तथा 15 घरों में लार्वा नष्ट कराया गया।
जनमानस को संचारी रोगों के संबंध में सूचना देने अथवा जानकारी प्राप्त करने के लिए यूएचएम चिकित्सालय, परेड स्थित कंट्रोल रूम में हेल्पलाइन नंबर 0512-2333810 एवं 9335301096 संचालित हैं। प्राप्त सूचनाओं के आधार पर संबंधित क्षेत्रों में टीमों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इसके अतिरिक्त नगर निगम स्थित कंट्रोल रूम में हेल्पलाइन नंबर 0512-2526004 एवं 2526005 भी संचालित हैं। जनसामान्य इन नंबरों पर संचारी रोगों से संबंधित सूचना अथवा जानकारी देकर आवश्यक कार्रवाई में सहयोग कर सकता है।

addComments
एक टिप्पणी भेजें