Customised Ads
सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका - अशोक रावत

न्याय धारा/ कानपुर नगर। शनिवार 26 सितम्बर 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी /संवाददाता) सूर्य दक्षिणायन (पितृ पक्ष), भाद्रपद मास शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा, वर्षा ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के तत्वावधान में विकासखंड बिल्हौर में आंगनबाड़ी मिलन सेवा संकल्प समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद अशोक रावत, उपजिलाधिकारी बिल्हौर मनीष कुमार यादव, तहसीलदार बिल्हौर अनुभव चंद्रा, सांसद प्रतिनिधि जे.पी. कटियार, गुड्डू सिंह, ब्लॉक प्रमुख बिल्हौर मनोरमा कठेरिया, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सिपाही लाल तथा खंड विकास अधिकारी बिल्हौर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

बाल विकास परियोजना अधिकारी बिल्हौर रुचि ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में सांसद अशोक रावत ने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री कशिश कटियार एवं आंगनबाड़ी सहायिका इंद्र कुमारी को साड़ी, उपहार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। हेल्दी बेबी शो में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों शिवार्थ, ऐश्वर्या एवं अन्वी को पोषण किट प्रदान की गई। इसके अलावा दो ऐसे बच्चों को भी पोषण पोटली देकर सम्मानित किया गया, जो पूर्व में सैम श्रेणी में थे और अब सामान्य हो चुके हैं। समारोह में एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार तथा एक गर्भवती महिला की गोदभराई की रस्म भी कराई गई।सांसद अशोक रावत ने कहा कि प्रत्येक क्षेत्र में मातृशक्ति की बढ़ती भागीदारी से समाज को नई और मजबूत दिशा मिल रही है। आंगनबाड़ी केंद्रों से अधिक से अधिक लाभार्थियों के जुड़ने से विभागीय योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर पर पात्र लोगों तक तेजी से पहुंच रहा है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा केंद्रों पर दी जा रही सेवाओं की सराहना की।

कार्यक्रम के अंत में बाल विकास परियोजना अधिकारी रुचि ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बाल विकास परियोजना कार्यालय बिल्हौर का समस्त स्टाफ, सीमा सिंह, किरण देवी, गीता यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ