Customised Ads
हिन्दू आध्यात्मिक सेवा मेला को भव्य बनाने के लिए राष्ट्रीय संयोजक गुणवंत कोठारी एवं सह-संयोजक सुनील जैन ने की बैठक

न्याय धारा/ कानपुर नगर। शुक्रवार 11 सितम्बर 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य दक्षिरायण, भाद्रपद मास कृष्ण पक्ष की अमावस्या, वर्षा ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। आगामी 26 से 30 नवंबर तक कानपुर में आयोजित होने वाले हिन्दू आध्यात्मिक सेवा मेला को भव्य एवं सफल बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को बीएनएसडी शिक्षा निकेतन, बेनाझाबर, कानपुर नगर में मेले की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मेले के राष्ट्रीय संयोजक गुणवंत कोठारी जी एवं गुजरात प्रदेश से आए सह-संयोजक सुनील जैन जी ने मेले से जुड़े विभिन्न आयामों के प्रमुखों के साथ तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की।

बैठक में मेले के पंडाल, भव्य मंच, लाइट एन्ड साउंड, जलपान, सुरक्षा, पार्किंग के साथ ही साथ अतिथियों के स्वागत एवं सत्कार, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, सेवा गतिविधियों, प्रदर्शनी, प्रचार-प्रसार तथा मीडिया प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया। मेले को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया एवं डिजिटल माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई।

सेवा और संस्कार का बनेगा व्यापक मंच

बैठक में गुणवंत कोठारी जी ने कहा कि हिन्दू आध्यात्मिक सेवा मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार, आध्यात्मिक चेतना और भारतीय संस्कृति को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

सह-संयोजक सुनील जैन जी ने कहा कि मेले की सफलता के लिए प्रत्येक आयाम की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और समयबद्ध तैयारियों पर विशेष जोर दिया।

बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने मेले को कानपुर में भव्य, अनुशासित और जनसहभागिता से परिपूर्ण आयोजन बनाने के लिए अपने-अपने विभागों की तैयारियों की जानकारी दी तथा आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की।

बैठक में प्रमुख रूप से डॉ.अरविंद दीक्षित, संजीव दीक्षित, नवेन्दु शुक्ला, अमरनाथ जी, सत्येंद्र मिश्रा व डॉ राहुल मिश्रा सहित मेले से जुड़े विभिन्न आयामों के प्रमुख एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बीएनएसडी शिक्षा निकेतन के प्रधानाचार्य ब्रज मोहन सिंह ने भी बैठक में सहभागिता की।

बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आगामी 26 से 30 नवंबर तक आयोजित होने वाले हिन्दू आध्यात्मिक सेवा मेले को सफल बनाने के लिए पूर्ण समर्पण, सहयोग एवं समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

टिप्पणियाँ