Customised Ads
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय हिंदी भाषा उत्सव-2026

न्याय धारा/ कानपुर नगर। सोमवार 28 सितम्बर 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी /संवाददाता) सूर्य दक्षिणायन (पितृ पक्ष), आश्विन मास कृष्ण पक्ष की द्वितीया, शरद ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के भाषा संकाय (स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज) स्थित हिंदी विभाग के तत्वावधान में सोमवार को तीन दिवसीय ‘हिंदी भाषा उत्सव–2026’ का शुभारंभ हुआ। 

उत्सव के प्रथम दिन हिंदी शासकीय पत्र-लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न स्कूलों और संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को दो विषय दिए गए। जिसमें पहले विषय में विश्वविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रशासनिक एवं शैक्षणिक पत्राचार हिंदी में सुनिश्चित करने के संबंध में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति को पत्र लिखना था। दूसरे विषय में भारतीय भाषाओं के बीच समन्वय, संवाद और सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी को पत्र लिखने के लिए कहा गया। 

विद्यार्थियों ने शासकीय पत्राचार की शैली, भाषा की शुद्धता तथा तार्किक अभिव्यक्ति का प्रभावी प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में शिक्षक शिक्षा संकाय से डॉ. बद्री नारायण मिश्र और भाषा संकाय से डॉ. सुमित कुमार चौधरी एवं डॉ. प्रीति वर्धन दुबे शामिल रहे। कार्यक्रम का समन्वय हिन्दी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. अंजनी कुमार उपाध्याय जी द्वारा किया गया। स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज के निदेशक डॉ. सर्वेश मणि त्रिपाठी तथा हिंदी विभाग के प्रभारी डॉ. श्री प्रकाश ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

29 सितंबर को *वाद - विवाद, भाषण, लोकगीत एवं स्वरचित काव्यपाठ* इस बार भाषा संकाय हिन्दी भाषा उत्सव और सेवा संकल्प अभियान से सम्बंधित प्रतियोगिताओं का आयोजन बड़ी धूमधाम से कर रहा है जिसमें अबतक लगभग 200 प्रतिभागियों नें रजिस्ट्रेशन कर लिया है। कल की साहित्यिक प्रतियोगिताओं का संयोजन हिन्दी विभाग की सहायक आचार्य डॉ. नीता तिवारी के निर्देशन में किया जाएगा। सभी प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों के नामों की घोषणा एवं उनका सम्मान 29 सितंबर को सेनानायक तात्या टोपे सीनेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में किया जाएगाऔर हिन्दी भाषा उत्सव-2026 का समापन 30 सितंबर को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह के साथ होगा।

टिप्पणियाँ