न्याय धारा/ कानपुर नगर। मंगलवार 01 सितम्बर 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी /संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, भाद्रपद मास कृष्ण पक्ष की पंचमी, वर्षा ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। जिला कृषि अधिकारी अरूणेश प्रताप सिंह ने जनपद के किसान भाइयों को सूचित किया है कि रबी सत्र 2026-27 में अनुदान पर बीज एवं निःशुल्क बीज मिनी किट प्राप्त करने के लिए कृषि विभाग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुकिंग प्रक्रिया संचालित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि गेहूँ एवं जौ के बीज के लिए बुकिंग 30 सितंबर 2026 तक की जाएगी। इसके लिए ई-लॉटरी 01 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। निर्धारित अवधि में बुकिंग कराने वाले पात्र कृषकों को नियमानुसार अनुदानित बीज एवं निःशुल्क बीज मिनी किट का लाभ दिया जाएगा।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि कृषक कृषि विभाग की वेबसाइट www.agriculture.up.gov.in के माध्यम से स्वयं ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। इसके अलावा किसान अपनी सुविधा के अनुसार कार्यालय समय में निकटतम कृषि विभाग कार्यालय अथवा राजकीय कृषि बीज भंडार पर जाकर भी बुकिंग करा सकते हैं।उन्होंने बताया कि द्वितीय एवं तृतीय चरण की बुकिंग सात-सात दिन के अंतराल पर खोली जाएगी। प्रत्येक चरण में सोमवार से बुधवार तक बुकिंग की जाएगी तथा बृहस्पतिवार को ई-लॉटरी सम्पन्न होगी। इसके पश्चात शुक्रवार से रविवार तक पुनः बुकिंग की जाएगी और सोमवार को ई-लॉटरी आयोजित की जाएगी।
जिला कृषि अधिकारी ने जनपद के सभी कृषकों से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि में अपनी बुकिंग अवश्य कराएं। कृषक ऑनलाइन माध्यम से अथवा निकटतम कृषि विभाग कार्यालय/राजकीय कृषि बीज भंडार पर संपर्क कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पात्र कृषक समय से बुकिंग कराकर रबी फसलों के लिए अनुदानित बीज एवं निःशुल्क बीज मिनी किट योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

addComments
एक टिप्पणी भेजें