न्याय धारा/ कानपुर नगर। बुधवार 26 अगस्त 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, श्रावण मास शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी, वर्षा ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। भाई-बहन के पवित्र प्रेम, स्नेह और विश्वास के प्रतीक रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर भागीरथ सेवा संस्थान, कानपुर द्वारा आयोजित निःशुल्क मेहंदी कार्यक्रम का भव्य एवं सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और रक्षाबंधन के पावन पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया।
कार्यक्रम का आयोजन भागीरथ सेवा सदन गेस्ट हाउस रावतपुर गाँव, कानपुर में किया गया। सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं एवं बालिकाओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। बहनों ने अपने हाथों पर आकर्षक एवं सुंदर मेहंदी लगवाई और एक-दूसरे को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम स्थल पर उत्साह, उमंग और पारिवारिक माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर भागीरथ सेवा संस्थान की ओर से सभी बहनों को निःशुल्क मेहंदी उपलब्ध कराई गई। संस्था का यह प्रयास आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं एवं बालिकाओं सहित समाज के सभी वर्गों तक त्योहार की खुशियां पहुंचाने की दिशा में एक सराहनीय पहल रहा।
कार्यक्रम के विशेष सहयोगी समाजसेवक अंकित गुप्ता, विधायक प्रत्याशी, विधानसभा-212 गोविंद नगर ने कहा कि रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं है, बल्कि यह भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम, सम्मान, विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि समाज की खुशियों में सहभागी बनना ही सच्ची समाजसेवा है और भविष्य में भी जनहित से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भागीरथ सेवा संस्थान की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि त्योहार को समाजसेवा से जोड़ने से उसकी खुशी और भी बढ़ जाती है। विशेष रूप से महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए निःशुल्क मेहंदी की व्यवस्था को लोगों ने एक सकारात्मक एवं सराहनीय कदम बताया।
संस्था के सचिव एडवोकेट डी एन द्विवेदी ने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा और सहयोग की भावना को पहुंचाना है। रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी है, जब हम अपनी खुशियों को दूसरों के साथ साझा करें।
भागीरथ सेवा संस्थान की महासचिव डा ललिता द्विवेदी ने कहा “सेवा तभी सार्थक है, जब किसी के चेहरे पर मुस्कान ला सके। रक्षाबंधन पर बहनों के हाथों में सजी मेहंदी और उनके चेहरों की खुशी हमारे लिए इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि है।”
इस अवसर पर संस्थान की महासचिव डा ललिता द्विवेदी, सचिव एडवोकेट डी एन द्विवेदी, विधायक प्रत्यासी अंकित गुप्ता, सुहानी , आँचल , रिंकी गुप्ता , पल्लवी, तन्वी, लवी समेत कई लोगो ने सहभागिता की

addComments
एक टिप्पणी भेजें