Customised Ads
सीएसजेएम विश्वविद्यालय में नशा मुक्ति जागरूकता व्याख्यान का आयोजन

न्याय धारा/ कानपुर नगर। मंगलवार 04 अगस्त 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, श्रावण मास कृष्ण पक्ष की षष्ठी, वर्षा ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के निर्देशन में छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में "नशा मुक्ति जागरूकता व्याख्यान" का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ, अनुशासित एवं उत्तरदायी जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के साथ-साथ एनसीसी एयर विंग एवं आर्मी विंग के कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम के प्रारंभ में फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. अंकित त्रिवेदी, एएनओ (एनसीसी एयर विंग) ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। उन्होंने नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषय पर जागरूकता की आवश्यकता पर प्रकाश डाला तथा उपस्थित सभी विद्यार्थियों को नशा मुक्त भारत के निर्माण की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने एवं समाज को भी इस दिशा में जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता सुमित सुधाकर रामटेके, एसीपी, कानपुर नगर रहे। अपने प्रेरणादायी एवं तथ्यपरक संबोधन में उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति को भी प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में अनुशासन, आत्मसंयम एवं सकारात्मक सोच को अपनाते हुए नशे से दूर रहें तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि जागरूक एवं जिम्मेदार युवा ही विकसित भारत की वास्तविक शक्ति हैं।

इस अवसर पर प्रो. अंशु यादव, डीन ऑफ स्टूडेंट वेलफेयर, ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञानार्जन नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास भी है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में डॉ. प्रवीण कटियार, फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. अंकित त्रिवेदी, एएनओ (एनसीसी एयर विंग) तथा डॉ. मयूरी सिंह, एएनओ (एनसीसी आर्मी विंग) की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने युवाओं के बीच नशा मुक्ति जैसे सामाजिक सरोकार से जुड़े विषयों पर नियमित जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया तथा एनसीसी कैडेट्स की अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं सेवा भावना की सराहना की।कार्यक्रम में एनसीसी एयर विंग एवं आर्मी विंग के कैडेट्स के साथ विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। संवादात्मक सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने नशे की रोकथाम, युवाओं की भूमिका तथा सामाजिक जागरूकता से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका मुख्य वक्ता ने विस्तारपूर्वक एवं प्रभावी ढंग से उत्तर दिया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. मयूरी सिंह, एएनओ (एनसीसी आर्मी विंग) ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, शिक्षकों, एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा इस जनजागरूकता अभियान को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम का समापन नशा मुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त भारत के संकल्प के साथ हुआ। यह आयोजन विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, नैतिक मूल्यों, अनुशासन एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रभावी एवं प्रेरणादायी पहल सिद्ध हुआ।

टिप्पणियाँ