Customised Ads
बिठूर में तिरंगा कन्सर्ट, देशभक्ति के रंग में रंगा नानाराव पेशवा स्मारक पार्क

न्याय धारा/ कानपुर नगर। गुरुवार 13 अगस्त 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी /संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, श्रावण मास शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा, वर्षा ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के अंतर्गत गुरुवार को बिठूर स्थित नानाराव पेशवा स्मारक पार्क में तिरंगा कन्सर्ट एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक की उपस्थिति में हुए कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को जीवंत किया।

विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, वाद्य संगीत और नृत्य-नाटिका प्रस्तुत कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा, देश की एकता-अखंडता और स्वतंत्रता आंदोलन के गौरवशाली इतिहास पर आधारित प्रस्तुतियों ने वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया। कार्यक्रम के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष से नानाराव पेशवा स्मारक पार्क गूंजता रहा।इस अवसर पर रंगोली एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय ध्वज, स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रनायकों और देश की सांस्कृतिक विविधता से जुड़े भावों को रंगों के माध्यम से उकेरा। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं से स्वतंत्रता आंदोलन, अमर बलिदानियों, राष्ट्रीय प्रतीकों और देश के गौरवशाली इतिहास से संबंधित प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लेकर अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में हर घर तिरंगा अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए लोगों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर सम्मान के साथ तिरंगा फहराने तथा अभियान में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया गया। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर सेनानियों के योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।

विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को स्वतंत्रता आंदोलन के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रनायकों के बलिदान से परिचित कराते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज प्रत्येक भारतीय के स्वाभिमान, एकता और अखंडता का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान जन-जन में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और सुदृढ़ करता है।

इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी सदर अनुभव सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी संदीप कुमार, जिला उद्यान अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, पर्यटन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ