Customised Ads
डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम में कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में प्रथम आया भाजपा कानपुर दक्षिण, जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह ने कार्यकर्ताओं का किया सम्मान

न्याय धारा/ कानपुर नगर। बुधवार 05 अगस्त 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, श्रावण मास कृष्ण पक्ष की सप्तमी, वर्षा ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा संगठन को तकनीकी रूप से सशक्त एवं वैचारिक रूप से समृद्ध बनाने के उद्देश्य से सरल ऐप पर संचालित डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम (डीएलपी) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भाजपा कानपुर दक्षिण ने कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर भाजपा कानपुर दक्षिण जिला कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह ने अभियान को सफल बनाने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक विचार आधारित संगठन है, जहां कार्यकर्ताओं के निरंतर प्रशिक्षण और व्यक्तित्व विकास पर विशेष बल दिया जाता है। सरल ऐप के माध्यम से संचालित डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, संगठन का इतिहास, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवा कार्यों तथा आधुनिक डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग की जानकारी प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि कानपुर दक्षिण के कार्यकर्ताओं ने जिस समर्पण, अनुशासन और टीम भावना के साथ इस अभियान में सहभागिता की, उसी का परिणाम है कि संगठन ने पूरे कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि जिले के प्रत्येक मंडल, प्रत्येक मोर्चा, प्रत्येक बूथ और प्रत्येक कार्यकर्ता के अथक परिश्रम का परिणाम है। संगठन में प्रशिक्षण की परंपरा ही भारतीय जनता पार्टी को अन्य राजनीतिक दलों से अलग पहचान दिलाती है। उन्होंने सभी सम्मानित कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए आह्वान किया कि भविष्य में भी इसी उत्साह और ऊर्जा के साथ संगठन के प्रत्येक अभियान को सफल बनाएं तथा कानपुर दक्षिण को प्रदेश और देश में अग्रणी जिला बनाने के लिए निरंतर कार्य करते रहें।

सम्मान समारोह के दौरान डीएलपी अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले कार्यकर्ताओं ने संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए भविष्य में भी पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, ऊर्जा और संगठनात्मक एकता से ओत-प्रोत रहा तथा उपस्थित कार्यकर्ताओं ने इस उपलब्धि को पूरे जिले के लिए गर्व का विषय बताया।

इस अवसर पर मुख्य रूप से जिला महामंत्री गणेश शुक्ला, जसविंदर सिंह, अर्जुन बेरिया, जिला मीडिया प्रभारी संजीव बेरी, विक्की मूरजानी, मधु तिवारी, जितेंद्र सिंह, पवन दीक्षित, अभिषेक श्रीवास्तव, प्रवीण मिश्रा, एल.बी. सिंह पटेल, प्रवीण गुप्ता, बी.एल. पांडे, आशा पांडे, सुरेश मोदी, सुषमा चौहान, आनंद सिंह, अनिल पाल, आशीष साहू, पंकज कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ