Customised Ads
भाजपा कानपुर दक्षिण की भव्य तिरंगा यात्रा में उमड़ा राष्ट्रभक्ति का सैलाब

हाथों में तिरंगा, दिल में हिंदुस्तान — एक तिरंगा, एक भारत, एक संकल्प!

न्याय धारा/ कानपुर नगर। गुरुवार 13 अगस्त 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, श्रावण मास शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा, वर्षा ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर।  भारतीय जनता पार्टी कानपुर महानगर दक्षिण द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत आज सीटीआई चौराहे से चावला मार्केट तक भव्य एवं विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष श्री शिवराम सिंह जी के नेतृत्व में आयोजित इस ऐतिहासिक यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक जी की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यकर्ताओं एवं आमजन के उत्साह को नई ऊर्जा प्रदान की।

तिरंगा यात्रा में दसियों हजार कार्यकर्ताओं, संतो ,युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों स्थानीय नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर सहभागिता की। पूरा मार्ग राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंजता रहा। ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ के जयघोष से वातावरण पूरी तरह देशभक्ति से सराबोर दिखाई दिया। कानपुर मेयर श्रीमती प्रमिला पांडे एवं उप सभापति श्री गोलू शुक्ला जी का गौरवमई उपस्थिति रही

यात्रा का विशेष आकर्षण एनसीसी एवं स्काउट के सैकड़ों विद्यार्थियों द्वारा सैकड़ों फीट लंबे विशाल तिरंगे को लेकर चलना रहा। विद्यार्थियों की अनुशासित एवं जोशीली सहभागिता ने यात्रा को और भव्य स्वरूप प्रदान किया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति का संदेश दिया।

इस अवसर पर माननीय उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक जी अमर शहीद भगत सिंह जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया एवं देश की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए शहीद स्वर्गीय कैप्टन अभिषेक मिश्रा जी के पिताजीक संतोष मिश्रा जी का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों का बलिदान राष्ट्र के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। शहीदों के त्याग और साहस के कारण ही हम आज स्वतंत्र एवं सुरक्षित वातावरण में जीवन जी रहे हैं। तिरंगा हमारे देश की एकता, अखंडता, गौरव, स्वाभिमान और वीरता का प्रतीक है।उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक जी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों के भीतर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत कर रहा है। तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों के गौरव, वीर जवानों के त्याग और देश के महान संघर्षों की स्मृति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक को तिरंगे के सम्मान के साथ राष्ट्र निर्माण के संकल्प को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने वाला जन-अभियान बन चुका है।

भाजपा कानपुर दक्षिण के जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि कानपुर दक्षिण में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं एवं आमजन में अभूतपूर्व उत्साह है। आज की विशाल तिरंगा यात्रा ने यह साबित कर दिया है कि राष्ट्रप्रेम की भावना कानपुर की जनता के हृदय में गहराई से बसी हुई है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी निष्ठा, सम्मान, एकजुटता और गौरव का प्रतीक है। हमारा प्रयास है कि हर घर पर तिरंगा लहराए और प्रत्येक नागरिक के हृदय में भारत माता एवं राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना और मजबूत हो।

तिरंगा यात्रा में बी एल पांडे जी, के.के. बाजपेई जी एवं अशोक पाल जी अपने-अपने विद्यालयों से सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थियों को लेकर शामिल हुए। विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ यात्रा में सहभागिता की।

इसी क्रम में विजेंद्र मक्कड़ जी ने अपनी संस्था के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ माननीय उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक जी का भव्य स्वागत किया। तिरंगा यात्रा में पार्षद नवीन पंडित, नीरज चड्डा एवं अनिल यादव श्रीमती विद्या वर्मा शालू कनौजिया भी अपने-अपने क्षेत्रों से सैकड़ों लोगों को साथ लेकर शामिल हुए। उनके साथ आए कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ तिरंगा लहराते हुए यात्रा को भव्यता प्रदान की। इस विशाल तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन में जिला महामंत्री श्री जसविंदर सिंह जी, श्री जितेंद्र सचान जी, पवन दीक्षित जी, श्रीमती सुषमा चौहान जी एवं श्रीमती मधु तिवारी जी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन एवं कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता से यात्रा को विशाल जनसमर्थन प्राप्त हुआ।

सीटीआई चौराहे से शुरू होकर चावला मार्केट तक पहुंची इस भव्य तिरंगा यात्रा ने पूरे क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति, एकता और देश के प्रति समर्पण का संदेश दिया।भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, पार्षद, युवा कार्यकर्ता, महिला कार्यकर्ता, विद्यार्थी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल हुए। 

टिप्पणियाँ