Customised Ads
जनपद के नाना राव पार्क में राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने किया ध्वजारोहण, अमर बलिदानियों को किया नमन

न्याय धारा/ कानपुर नगर। शनिवार 15 अगस्त 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी /संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, श्रावण मास शुक्ल पक्ष की तृतीया, वर्षा ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। जनपद में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। फूलबाग स्थित नाना राव पार्क में आयोजित जनपद के मुख्य समारोह में प्रदेश की राज्यमंत्री, महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग श्रीमती प्रतिभा शुक्ला ने ध्वजारोहण किया।

इस अवसर पर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का सामूहिक गायन किया गया।

राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि देश की स्वतंत्रता असंख्य ज्ञात-अज्ञात क्रांतिकारियों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और सर्वोच्च बलिदान का परिणाम है। स्वतंत्रता आंदोलन में कानपुर की धरती और यहां के वीरों का योगदान स्वर्णाक्षरों में अंकित है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की नई पहचान बना रहा है। उन्होंने नागरिकों से कर्तव्यबोध के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का समर्थ, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत बनाने का आह्वान किया।जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि कानपुर की धरती का स्वतंत्रता आंदोलन में गौरवशाली योगदान रहा है। स्वतंत्रता दिवस अमर बलिदानियों के सपनों का भारत बनाने का संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने जनपदवासियों से सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को सुदृढ़ करने में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह सहित जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने नाना राव पार्क स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर देश की स्वतंत्रता और रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर बलिदानियों को नमन किया।

समारोह में देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के परिजनों को सम्मानित कर राष्ट्र की ओर से उनके त्याग के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। ऑपरेशन रक्षक में सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीद नायब सूबेदार शमशुल हक की पत्नी श्रीमती महमूदा बानो, अमर शहीद कैप्टन आयुष यादव के पिता अरुणकांत यादव, अमर शहीद अनमोल प्रताप सिंह की पत्नी अंजना सिंह, अमर शहीद सत्य प्रकाश सिंह की पत्नी गीता सिंह, अमर शहीद राइफलमैन खलील अहमद की पत्नी श्रीमती शमीना बेगम, अमर शहीद पवन कुमार की पत्नी श्रीमती सुषमा तथा अमर शहीद रमेश सिंह की पत्नी दिलासा देवी को सम्मानित किया गया।इसी क्रम में वर्ष 1971 के भारत-पाक युद्ध में सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीद जवान राजेंद्र सिंह की पत्नी सुखी देवी, ऑपरेशन रक्षक में सर्वोच्च आहुति देने वाले अमर शहीद जवान ब्रजेंद्र कुमार की पत्नी अर्चना तथा ऑपरेशन पराक्रम में सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीद जवान जय नारायण त्रिपाठी की पत्नी श्रीमती सुमन देवी को भी सम्मानित किया गया।

साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित कर स्वतंत्रता आंदोलन में उनके परिवारों के योगदान के प्रति कृतज्ञता प्रकट की गई। सम्मानित होने वालों में सतेन्द्र कुमार सिन्हा, हरिराम गुप्ता, मृगांक शेखर आनंद, राम कुमार सिंह, आरके निगम, राम दुलारे गुप्ता, सीबी सिंह, राजेश शर्मा, विष्णु दीक्षित, विष्णु गुप्ता, ऋषभ द्विवेदी, सुशील गुप्ता, सुशील कुमार द्विवेदी, तुलसीराम, वैभव दीक्षित, राजेश वाजपेयी, सतेन्द्र सोनकर तथा निखिल कुमार शामिल रहे। समारोह में ओंकारेश्वर विद्या निकेतन इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह में राष्ट्रप्रेम और उत्साह का संचार किया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, प्रशिक्षु आईएएस संदीप कुमार, अपर जिलाधिकारी नगर, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सहित विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी ने किया ध्वजारोहण

80वें स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित समारोह में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का सामूहिक गायन किया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अमर बलिदानियों के संघर्ष और त्याग का स्मरण कराने के साथ अपने दायित्वों के ईमानदारी से निर्वहन की प्रेरणा देता है। प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का दायित्व है कि वे संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।

समारोह में एक वर्ष के भीतर सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर अपने बच्चों का समस्त निर्धारित टीकाकरण कराने वाले 10 अभिभावकों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को भी सम्मानित कर उनके परिवारों के योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। इस अवसर पर विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी और कलेक्ट्रेट कर्मचारी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ