न्याय धारा/ कानपुर नगर। गुरुवार 27 अगस्त 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी /संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, श्रावण मास शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तदुपरि पूर्णिमा, वर्षा ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। रक्षाबंधन के अवसर पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह गुरुवार को राजकीय बाल गृह बालिका, स्वरूप नगर पहुंचे। यहां बाल गृह की बेटियों ने उन्हें रक्षा सूत्र बांधा और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। डीएम ने भी बेटियों को उपहार दिए और प्रत्येक को एक-एक गुल्लक भेंट की। उन्होंने बच्चियों से कहा कि इसमें की जाने वाली छोटी-छोटी बचत एक दिन उनके बड़े सपनों को पूरा करने में मददगार बनेगी।
जिलाधिकारी ने बाल गृह की बच्चियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बच्चियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपना लक्ष्य निर्धारित करने और उसे हासिल करने के लिए मेहनत करने को प्रेरित किया। साथ ही उनकी शिक्षा एवं अन्य आवश्यकताओं के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास कुमार, अचिन्त्य चैरिटेबल फाउंडेशन के अध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल, निदेशक दिशा अरोड़ा, शिल्पी अग्रवाल एवं सुमन वर्मा भी मौजूद रहे।
इससे पहले कलेक्ट्रेट में भी रक्षाबंधन के अवसर पर विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने जिलाधिकारी को राखी बांधी। आरके एजुकेशन सेंटर, जीटी रोड महाराजपुर और फातिमा कॉन्वेंट स्कूल, अशोक नगर की छात्राओं से डीएम ने उनकी पढ़ाई और भविष्य के सपनों के बारे में बातचीत की। कुछ छात्राओं ने डॉक्टर बनने की इच्छा जताई, जबकि आरके एजुकेशन सेंटर की छात्रा वैष्णवी ने डीएम से प्रेरणा लेते हुए आईएएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करने की इच्छा व्यक्त की।
डीएम ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि वे अपना लक्ष्य निर्धारित करें और उसे हासिल करने के लिए मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ें। आरके एजुकेशन सेंटर की अनन्या सिंह, आराध्या, नितिका, मेहक, आस्था, नंदिनी, वैष्णवी व रिद्धि तथा फातिमा कॉन्वेंट स्कूल की भूमिका आर्या, जुवैरिया फातिमा, याशी चौरसिया, नाबिया फातिमा व पंखुड़ी जायसवाल ने जिलाधिकारी को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
रक्षाबंधन के अवसर पर ब्रह्माकुमारीज सिविल लाइंस सेवा केंद्र की बहनें भी कलेक्ट्रेट पहुंचीं। सब-जोन प्रभारी राजयोगिनी बीके गिरजा दीदी ने जिलाधिकारी सहित उपस्थित अधिकारियों को रक्षा सूत्र बांधा। बीके सरोज एवं बीके सिमरन ने तिलक लगाया तथा सभी के उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की।

addComments
एक टिप्पणी भेजें