Customised Ads
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में नशा मुक्ति पर नुक्कड़ नाटक का प्रभावशाली मंचन

न्याय धारा/ कानपुर नगर। बुधवार 05 अगस्त 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, श्रावण मास कृष्ण पक्ष की सप्तमी, वर्षा ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के माननीय कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय के आत्मोदय हॉबी क्लब काउंसिल द्वारा "नशा मुक्ति" विषय पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज एवं विशेष रूप से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

विश्वविद्यालय परिसर की विभिन्न सड़कों एवं प्रमुख स्थानों पर आयोजित इस प्रस्तुति में दो टीमों ने अपने सशक्त अभिनय के माध्यम से नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। एक टीम छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय की थी, जबकि दूसरी टीम ब्रह्मानंद महाविद्यालय की थी। दोनों प्रस्तुतियों ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया और नशा मुक्त समाज के निर्माण का प्रेरणादायी संदेश दिया। कार्यक्रम का आयोजन आत्मोदय हॉबी क्लब काउंसिल द्वारा डॉ. ममता तिवारी के समन्वयन एवं डॉ. अभिषेक मिश्रा के सह-समन्वयन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने कलाकारों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए इस प्रकार के जागरूकता अभियानों को समय की आवश्यकता बताया।

इस अवसर पर आयोजकों ने कहा कि नशा मुक्त समाज का निर्माण तभी संभव है जब युवा वर्ग स्वयं जागरूक होकर दूसरों को भी इसके प्रति प्रेरित करे। नुक्कड़ नाटक जैसे जनजागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का एक प्रभावी माध्यम हैं।

टिप्पणियाँ