Customised Ads
विवेकानन्द यूथ एवार्ड (व्यक्तिगत श्रेणी) हेतु आवेदन आमंत्रित

न्याय धारा/ कानपुर नगर। मंगलवार 04 अगस्त 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी /संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, श्रावण मास कृष्ण पक्ष की षष्ठी, वर्षा ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी, कानपुर नगर ने अवगत कराया है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत विवेकानन्द यूथ एवार्ड (व्यक्तिगत श्रेणी) के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

इस पुरस्कार के अंतर्गत 15 से 35 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे युवा (पुरुष एवं महिला), जिन्होंने राष्ट्रीय विकास एवं सामाजिक सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय एवं सराहनीय योगदान दिया हो, उन्हें राज्य सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि खेलकूद, सामाजिक वृक्षारोपण, परिवार कल्याण, अल्प बचत, रक्तदान, नशामुक्ति, जल संरक्षण, पुस्तकालय एवं वाचनालय की स्थापना एवं संचालन, जैविक खेती, सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापना, स्वच्छता अभियान, राष्ट्रीय एकीकरण, साक्षरता, आपदा प्रबंधन, मतदाता जागरूकता, स्वास्थ्य, अनुसंधान, कला, संस्कृति एवं साहित्य, मानवाधिकार संरक्षण एवं संवर्धन, पर्यटन, पारंपरिक चिकित्सा, सक्रिय नागरिकता, सामुदायिक सेवा, खेल तथा शैक्षिक उत्कृष्टता एवं स्मार्ट लर्निंग सहित अन्य सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा आवेदन के पात्र होंगे।

उन्होंने बताया कि 01 अप्रैल 2023 से 31 मार्च 2025 की अवधि में किए गए कार्यों के आधार पर इच्छुक युवा व्यक्तिगत श्रेणी में आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र विकास भवन स्थित जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी, कानपुर नगर के कार्यालय (द्वितीय तल, कक्ष संख्या-02) से प्राप्त किए जा सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी विस्तृत दिशा-निर्देशों के अनुसार समय से अपना आवेदन प्रस्तुत करें।

टिप्पणियाँ