उपजिलाधिकारी बिल्हौर मनीष कुमार ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इन सभी जल निकायों के पट्टे की खुली नीलामी आगामी 20 अगस्त 2026 को सुबह 11:00 बजे से तहसील सभागार बिल्हौर में संपन्न कराई जाएगी।
उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता नियमावली 2016 तथा शासन के प्रासंगिक आदेशों के अनुपालन में आयोजित इस नीलामी प्रक्रिया में दो हेक्टेयर से छोटे तालाबों के लिए न्यूनतम बोली ₹5,000 प्रति हेक्टेयर प्रति वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं दो हेक्टेयर या उससे अधिक क्षेत्रफल वाले बड़े तालाबों के लिए न्यूनतम बोली ₹10,000 प्रति हेक्टेयर प्रति वर्ष तय की गई है। दो हेक्टेयर से बड़े आकार के तालाबों का आवंटन विशेष रूप से पंजीकृत मत्स्य जीवी सहकारी समितियों के मध्य ही किया जाएगा।
नीलामी में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों को बोली प्रक्रिया में सम्मिलित होने से पूर्व निर्धारित आरक्षित बोली की 10 प्रतिशत धनराशि बतौर अग्रिम जमानत (ईएमडी) जमा करनी होगी। इसके साथ ही उच्चतम बोली लगाने वाले प्रतिभागी को प्रथम वर्ष के लगान की संपूर्ण धनराशि बोली समाप्त होने के तत्काल बाद जमा करना अनिवार्य होगा।
इस नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने के लिए आवेदन पत्र केवल नीलामी के दिन सुबह 09:00 बजे से 11:00 बजे के मध्य ही स्वीकार किए जाएंगे। सभी आवेदकों को आवेदन के साथ अधिकतम 6 माह पुराना नवीनतम आय एवं जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। प्रक्रिया के दौरान संबंधित ग्रामों के लेखपाल एवं भूमि प्रबंधक समिति के अध्यक्ष स्थल रिपोर्ट के साथ मौके पर उपस्थित रहेंगे। पट्टे एवं नीलामी से संबंधित विस्तृत जानकारी किसी भी कार्य दिवस में तहसील बिल्हौर स्थित राजस्व निरीक्षक कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
addComments
एक टिप्पणी भेजें