न्याय धारा/ कानपुर नगर। रविवार 09 अगस्त 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी /संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, श्रावण मास कृष्ण पक्ष की एकादशी, वर्षा ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन निःशुल्क लगाई जा रही है। कॉविड के टीकाकरण के बाद हो रही हार्ट अटैक की अत्यधिक बढ़नी घटनाओं से जनता में भ्रामक स्थित है।
रविवार को रावतपुर स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में टीकाकरण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने अभिभावकों से अपनी पात्र बेटियों का टीकाकरण कराने की अपील की। जनपद में अब तक 18,377 किशोरियों को एचपीवी टीका लगाया जा चुका है।
जिलाधिकारी ने कहा कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस का संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है। एचपीवी वैक्सीन भविष्य में इस कैंसर के जोखिम को कम करने का सुरक्षित और प्रभावी माध्यम है। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण के साथ ही निर्धारित आयु में समय पर स्क्रीनिंग भी महत्वपूर्ण है। निजी अस्पतालों में महंगी मिलने वाली यह वैक्सीन शासन की ओर से पात्र किशोरियों को पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भ्रम, संकोच अथवा अफवाह में न आएं और अपनी बेटियों को टीकाकरण केंद्र लेकर जाएं। बेटियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा परिवार के साथ ही पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को एचपीवी टीकाकरण के संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कोई भी पात्र किशोरी टीकाकरण से वंचित न रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, टीकाकरण की व्यवस्था और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कामकाज के कारण सामान्य दिनों में स्वास्थ्य केंद्र नहीं पहुंच पाने वाले लोग रविवार को नजदीकी आयुष्मान आरोग्य मंदिर अथवा नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और उपलब्ध टीकाकरण सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि रविवार को आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक बुधवार और शनिवार को नियमित टीकाकरण सत्रों में एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। रविवार को भी विशेष टीकाकरण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। पात्र किशोरियों की पहचान के लिए आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने ड्यू लिस्ट तैयार की है। इसके आधार पर घर-घर संपर्क कर अभिभावकों को टीकाकरण की जानकारी दी जा रही है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एसपी यादव ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सुरक्षित और प्रभावी उपाय है। अभिभावक किसी भ्रम अथवा अफवाह पर ध्यान न दें और अपनी पात्र बेटियों का समय पर निःशुल्क टीकाकरण अवश्य कराएं।

addComments
एक टिप्पणी भेजें