न्याय धारा/ कानपुर नगर। शनिवार 29 अगस्त 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी /संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, भाद्रपद मास कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा, वर्षा ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। बिठूर में गंगा के छप्पर घाट और पत्थर घाट पर अलग-अलग घटनाओं में डूबने से जान गंवाने वाले तीन मृतकों के परिजनों को शासन की ओर से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
शनिवार को बिठूर विधायक श्री अभिजीत सिंह सांगा ने तीनों मृतकों के परिजनों को दैवीय आपदा के अंतर्गत स्वीकृत कुल 12 लाख रुपये की अहैतुक सहायता राशि प्रदान की।
विगत दिनों छप्पर घाट और पत्थर घाट पर गंगा में डूबने की अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मृत्यु हो गई थी। घटनाओं के बाद प्रशासन ने मृतकों के आश्रितों को दैवीय आपदा के अंतर्गत अनुमन्य आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू की। आवश्यक जांच एवं अभिलेखों के सत्यापन के बाद प्रत्येक मृतक के परिजन के लिए चार लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई।
विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने कहा कि किसी परिवार के सदस्य की असमय मृत्यु की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन संकट की घड़ी में सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की संवेदनशीलता है कि आपदा से प्रभावित परिवारों को निर्धारित आर्थिक सहायता समय से मिले। इसी क्रम में तीनों मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई है।

addComments
एक टिप्पणी भेजें