न्याय धारा/ कानपुर नगर। मंगलवार 07 जुलाई 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, बैशाख मास कृष्ण पक्ष की सप्तमी, वर्षा ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। भारतीय जनता पार्टी कानपुर दक्षिण के जिला कार्यालय सभागार में आज डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम (DLP) की मॉनिटरिंग एवं समीक्षा बैठक जिला अध्यक्ष श्री शिवराम सिंह जी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन के डिजिटल प्रशिक्षण अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए बूथ स्तर तक कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष श्री शिवराम सिंह जी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा समय के अनुरूप स्वयं को सशक्त बनाते हुए आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग करने वाली पार्टी रही है। आज डिजिटल माध्यम संगठनात्मक कार्यों को गति देने का सबसे प्रभावी साधन बन चुका है। डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम के माध्यम से कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यपद्धति, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सामाजिक दायित्वों से व्यवस्थित रूप से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश डिजिटल क्रांति की ओर तेजी से अग्रसर है। ऐसे समय में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता भी तकनीक के साथ स्वयं को जोड़ते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में प्रशिक्षित, जागरूक एवं तकनीकी रूप से दक्ष कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति हैं।
बैठक के दौरान सभी सम्मानित मंडल अध्यक्षों एवं मंडल महामंत्रियों के साथ संवाद कर बूथ अध्यक्षों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रत्येक मंडल की वर्तमान स्थिति, प्रशिक्षण की प्रगति तथा शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। जिला अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रत्येक बूथ अध्यक्ष को डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम से जोड़ने तथा प्रशिक्षण पूर्ण कराने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा का बूथ स्तर का संगठन ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। जब प्रत्येक बूथ अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता तकनीकी रूप से दक्ष होगा, तब संगठन की कार्यक्षमता कई गुना बढ़ेगी। डिजिटल माध्यम से कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय, संवाद और संगठनात्मक गतिविधियों में पारदर्शिता एवं गति आएगी, जिससे पार्टी की विचारधारा और सरकार की जनहितकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुँचाया जा सकेगा। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने अपने-अपने मंडलों की प्रगति से अवगत कराया तथा शीघ्र ही शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का विश्वास व्यक्त किया। अंत में जिला अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों से संगठन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और संगठन की भावना के साथ तकनीक का उपयोग करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।
बैठक में जिला महामंत्री अर्जुन बेरिया विकी मूरजानी तेज बहादुर सिंह विनीत दुबे आनंद सिंह परिहार दीपांकर मिश्रा दीपू पासवान सुमित तिवारी सुमित कश्यप राजीव चक्रवर्ती हरि जीवन पप्पू पंडित जिला पदाधिकारी, सभी मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री एवं संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

addComments
एक टिप्पणी भेजें