न्याय धारा/ कानपुर नगर। सोमवार 06 जुलाई 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, बैशाख मास कृष्ण पक्ष की षष्ठी, वर्षा ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर द्वारा राष्ट्रवादी चिंतक, प्रखर शिक्षाविद एवं जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती जिला भाजपा कार्यालय, नवीन मार्केट में श्रद्धा एवं गौरव के साथ मनाई गई।
जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने जीवन का प्रत्येक क्षण भारत की एकता और अखंडता के लिए समर्पित किया। "एक देश में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान नहीं चलेंगे" का उनका उद्घोष आज भी राष्ट्रवाद की सबसे प्रखर आवाज़ के रूप में देशवासियों को प्रेरित करता है। उनका जीवन साहस, त्याग, राष्ट्रभक्ति और सिद्धांतों के प्रति अडिग प्रतिबद्धता का अनुपम उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता डॉ. मुखर्जी के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण के संकल्प के साथ कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों पर चलकर राष्ट्रसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा के अनुसार कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला महामंत्री अवधेश सोनकर,अभिनव दीक्षित,जन्मेजय सिंह,प्रमोद विश्वकर्मा, सत्यम गुप्ता पारस मदान किरन तिवारी, मोनेन्द्र राजपूत, शालिनी कटियार,जीतू कश्यप,सुरेश गुप्ता अनीता चतुर्वेदी राधा सैनी,जिशान अहमद,श्याम कुमार आदि उपस्थित रहे।

addComments
एक टिप्पणी भेजें