Customised Ads
सीएसजेएम विश्वविद्यालय के संगीत विभाग में नवप्रवेशी विद्यार्थियों हेतु ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित

न्याय धारा/ कानपुर नगर। रविवार 05 जुलाई 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, बैशाख मास कृष्ण पक्ष की पंचमी, वर्षा ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के स्कूल ऑफ क्रिएटिव एंड परफॉर्मिंग आर्ट्स अंतर्गत संगीत विभाग द्वारा नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए प्रवेश उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय परिसर स्थित इंटरनेशनल सेंटर में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ संगीत विभागाध्यक्ष प्रो. रश्मि गोरे ने किया। उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों का स्वागत करते हुए विभाग की शैक्षणिक दृष्टि, अनुशासन, रचनात्मकता तथा संगीत एवं प्रदर्शन कलाओं के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि/विशिष्ट वक्ता प्रखर मिश्रा (थिएटर), डॉ वंदना देवराय (कथक) तथा डॉ रेणु निगम, ने विद्यार्थियों को प्रेरक संबोधन देते हुए समर्पण, नियमित अभ्यास और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपने शैक्षणिक एवं कलात्मक जीवन को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर नवप्रवेशी विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय किट भी वितरित की गई। विभाग के विभिन्न पाठ्यक्रमों—बीपीए वोकल, कथक, थिएटर, सितार, वायलिन एवं तबला; एमए वोकल, तबला एवं सितार; तथा एमपीए कथक—का विस्तृत परिचय संबंधित शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम संरचना, व्यावहारिक प्रशिक्षण, सीखने के परिणामों तथा भविष्य में उपलब्ध करियर अवसरों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के साथ-साथ प्रदर्शन, शिक्षण, शोध, कला प्रशासन, कला पत्रकारिता तथा अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में रोजगार एवं करियर की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। विद्यार्थियों को विभागीय नियमों, उपस्थिति एवं परीक्षा संबंधी प्रावधानों, एंटी-रैगिंग नीति, तंबाकू एवं नशा निषेध नीति, शिकायत निवारण व्यवस्था तथा पुस्तकालय नियमों से अवगत कराया गया।

इसके पश्चात विश्वविद्यालय के विभिन्न संसाधनों एवं छात्र सुविधाओं पर परिचयात्मक सत्र आयोजित हुआ। इसमें स्वास्थ्य सेवाओं, छात्रावास एवं आवास व्यवस्था, खेल सुविधाओं, एनसीसी, छात्र परिषद, एनएसएस तथा अन्य छात्र-केंद्रित गतिविधियों की जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के लिए प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विभागाध्यक्ष एवं शिक्षकों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में संगीत विभाग के शिक्षकगण, नवप्रवेशी विद्यार्थी, तथा उनके अभिभावक तथा छात्र स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ