Customised Ads
पत्रकारिता के पुरोधा सुरेश त्रिवेदी को अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि, जर्नलिस्ट क्लब में उमड़ा जनसैलाब; काव्य गोष्ठी में गूंजे संवेदना के स्वर

न्याय धारा/ कानपुर नगर। रविवार 12 जुलाई 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, बैशाख मास कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी, वर्षा ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। वरिष्ठ पत्रकार एवं निष्पक्ष पत्रकारिता के पर्याय रहे स्वर्गीय सुरेश त्रिवेदी की स्मृति में रविवार को अशोक नगर स्थित हिंदी पत्रकार भवन में कानपुर जर्नलिस्ट क्लब द्वारा भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। 

श्रद्धांजलि सभा में शहर के वरिष्ठ, युवा और विभिन्न संस्थानों से जुड़े सैकड़ों पत्रकारों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि सुरेश त्रिवेदी जैसे पत्रकार विरले ही होते हैं, जिन्होंने पूरी निष्ठा, निर्भीकता और निष्पक्षता के साथ पत्रकारिता को जिया।

सभा में वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय सुरेश त्रिवेदी ने पत्रकारिता को केवल पेशा नहीं, बल्कि जनसेवा का सशक्त माध्यम बनाया। उनकी बेबाक लेखनी, निष्पक्ष सोच और जनहित के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

वरिष्ठ पत्रकार कुमार त्रिपाठी ने उनके साथ बिताए वर्षों को याद करते हुए कहा कि सुरेश जी हर परिस्थिति में सत्य के साथ खड़े रहने वाले पत्रकार थे। वहीं वरिष्ठ पत्रकार कैलाश अग्रवाल ने उन्हें मूल्य आधारित, निडर और निष्पक्ष पत्रकारिता का प्रतीक बताते हुए कहा कि युवा पत्रकारों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना चाहिए।

कानपुर जर्नलिस्ट क्लब के महामंत्री अभय त्रिपाठी ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, "सुरेश जी ने पत्रकारों के हितों और निष्पक्ष पत्रकारिता का जो सपना देखा था, उसे साकार करना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कानपुर जर्नलिस्ट क्लब उनके सिद्धांतों और आदर्शों पर चलते हुए पत्रकारों के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करता रहेगा।"

शेष नारायण त्रिवेदी और वीरेंद्र चतुर्वेदी ने स्वर्गीय सुरेश त्रिवेदी को पत्रकारिता का क्रांतिवीर बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने पूरे जीवन में कभी भी सत्य से समझौता नहीं किया।श्रद्धांजलि सभा में स्वर्गीय सुरेश त्रिवेदी के पुत्र मनी त्रिवेदी सहित परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर जी.पी. अवस्थी, विवेक शुक्ला, विनोद मिश्र, अजय त्रिपाठी, मोहम्मद कैफ, विशाल सैनी, पंकज अवस्थी सहित बड़ी संख्या में पत्रकारों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

श्रद्धांजलि के बाद सजी काव्य गोष्ठी

श्रद्धांजलि सभा के उपरांत कानपुर जर्नलिस्ट क्लब एवं विकासिका संस्था के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से समाज, राष्ट्र, मानवीय संवेदनाओं और पत्रकारिता के मूल्यों को प्रभावी स्वर दिया। कविता, गीत और ग़ज़लों से सजे इस आयोजन ने उपस्थित श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।

काव्य गोष्ठी में विनोद त्रिपाठी, प्रदीप श्रीवास्तव, पूर्णिमा बाजपेई त्रिपाठी, शिवकुमार सिंह कुंवर, पी.एस. बाजपेयी और प्रेम स्वरूप तिवारी ने अपनी रचनाओं का पाठ किया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन प्रतीक्षा तिवारी ने किया, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित साहित्यकारों, पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों ने एक स्वर में कहा कि पत्रकारिता केवल खबरों का संसार नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और मूल्यों की रक्षा का संकल्प है। स्वर्गीय सुरेश त्रिवेदी का जीवन, संघर्ष और उनकी निष्पक्ष पत्रकारिता आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।

टिप्पणियाँ