न्याय धारा/ कानपुर नगर। बुधवार 22 जुलाई 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी /संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, बैशाख मास शुक्ल पक्ष की अष्टमी, वर्षा ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। भारतीय जनता पार्टी के विधानसभा स्तरीय बूथ सम्मेलनों में वक्ताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी कैडर आधारित राजनीतिक पार्टी है और उसकी सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर का संगठन है। बूथ अध्यक्ष संगठन की रीढ़ है तथा आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव की वास्तविक लड़ाई बूथ स्तर पर ही लड़ी जाएगी।
गोविंद नगर विधानसभा में सम्मेलन को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी का स्पष्ट संदेश है कि “मेरा बूथ सबसे मजबूत”। भाजपा की चुनावी सफलता का मूल मंत्र मजबूत बूथ संगठन है। यदि बूथ मजबूत होगा तो चुनावी विजय निश्चित होगी।
सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को केवल चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाने का दायित्व भी निभाना है। प्रत्येक बूथ अध्यक्ष और उसकी टीम को अपने क्षेत्र के प्रत्येक मतदाता से संवाद स्थापित कर सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुँचानी होगी।
अन्य वक्ताओं ने कहा कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को बूथ समिति के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम “मन की बात” को सुनना और उसके संदेशों को समाज तक पहुँचाना प्रत्येक बूथ कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। इसके साथ ही बूथ समितियों की नियमित बैठकें आयोजित कर संगठनात्मक गतिविधियों को गति प्रदान की जाए।
वक्ताओं ने बूथ अध्यक्षों का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक बूथ पर एक सशक्त एवं सक्रिय टीम का गठन किया जाए तथा पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। बूथ स्तर पर मतदाता सूची के प्रत्येक पन्ने तक संगठन की पहुँच ही भाजपा की सबसे बड़ी संगठनात्मक शक्ति है। मजबूत बूथ, सक्रिय कार्यकर्ता और समर्पित पन्ना प्रमुख ही 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक विजय का मार्ग प्रशस्त करेंगे।
उन्होंने कहा कि कानपुर क्षेत्र के सभी बूथ अध्यक्ष आगामी विधानसभा चुनाव को लक्ष्य मानते हुए अपने-अपने बूथों को संगठनात्मक दृष्टि से प्रदेश के सबसे मजबूत बूथ बनाने का संकल्प लें। भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचने का कार्य करेगा।
सम्मेलन के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने “मेरा बूथ सबसे मजबूत”, “बूथ जीता तो चुनाव जीता” तथा “विकसित उत्तर प्रदेश - विकसित भारत” के संकल्प के साथ संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने का प्रण लिया।
जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि सीसामाऊ विधानसभा में मुख्य अतिथि सुनील तिवारी गोविंद नगर में नरेन्द्र जादौन कल्याणपुर में गोपाल शर्मा व आर्य नगर में रामदेव शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे।

addComments
एक टिप्पणी भेजें