न्याय धारा/ कानपुर नगर। रविवार 19 जुलाई 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, बैशाख मास शुक्ल पक्ष की पंचमी, वर्षा ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। र्हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा फाउंडेशन के तत्वावधान में आज के-ब्लॉक, किदवई नगर में ‘वृक्ष वन्दनम्’ कार्यक्रम श्रद्धा, उत्साह एवं पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारम्भ वैदिक मंत्रोच्चार एवं वृक्ष पूजन से हुआ। हिन्दू आध्यात्मिक एवम सेवा फाउंडेशन के महानगर संयोजक नवेन्दु शुक्ला ने वृक्षों को भारतीय संस्कृति में जीवनदाता एवं प्रकृति का स्वरूप बताते हुए उनका पूजन किया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं अधिक से अधिक वृक्षारोपण का संकल्प लिया।श्री शुक्ला ने कहा कि भारतीय संस्कृति में वृक्षों को देवतुल्य माना गया है। पीपल, बरगद, नीम, तुलसी जैसे वृक्ष न केवल पर्यावरण को संतुलित रखते हैं, बल्कि मानव जीवन के लिए भी अत्यंत उपयोगी हैं। वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण एवं वृक्षों का संरक्षण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा उपस्थित नागरिकों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने, उसकी नियमित देखभाल करने तथा आने वाली पीढ़ियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
प्रचार प्रसार प्रमुख डॉ राहुल मिश्रा के अनुसार कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सुनील शुक्ला, रेखा शुक्ला, मंजू जोशी, माधुरी उत्तम, पल्लवी तिवारी, हेमा गुंजन तिवारी, रेखा गुप्ता, अनीता अवस्थी, मनु द्विवेदी, बबीता साहू, अर्चना सिंह समेत स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, युवाओं एवं समाजसेवियों ने सहभागिता कर वृक्षों के प्रति अपनी आस्था एवं संरक्षण का संदेश दिया। अंत में सभी ने प्रकृति संरक्षण एवं स्वच्छ, हरित भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।

addComments
एक टिप्पणी भेजें