न्याय धारा/ कानपुर नगर। मंगलवार 07 जुलाई 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, बैशाख मास कृष्ण पक्ष की सप्तमी, वर्षा ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में नवप्रवेशित स्नातक, परास्नातक तथा पीजी डिप्लोमा के विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हिन्दुस्तान समाचार पत्र के संपादक आशीष त्रिपाठी रहे।
छात्रों को संबोधित करते हुए आशीष त्रिपाठी ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में धैर्य और विचार, दोनों का समन्वय अति आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जुनून (पैशन) को ही अपना पेशा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति का पैशन ही उसका पेशा बन जाए, तो वह पूरे मनोयोग और आनंद के साथ कार्य करता है उसे कठिनाइयों का सामना भी कम करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि पत्रकार का लिखा अक्षर हृदय से हृदय का संवाद होता है। पत्रकारिता के विद्यार्थियों में अभिव्यक्ति की क्षमता अत्यंत प्रभावी होनी चाहिए और ऐसी सरल व स्पष्ट भाषा का प्रयोग करना चाहिए, जिससे उनकी बात हर व्यक्ति तक सहजता से पहुँच सके।
उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से पुस्तकें पढ़ने की सलाह देते हुए कहा कि किताबें केवल पन्नों का संग्रह नहीं होतीं, बल्कि किसी व्यक्ति के वर्षों के अनुभव का सार होती हैं। उन्होंने ऑब्जर्वेशन अवलोकन क्षमता को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया और कहा कि एक पत्रकार को अपने आसपास घट रही हर छोटी-बड़ी घटना पर निरंतर नजर रखनी चाहिए। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि एक अच्छे व्यक्तित्व का निर्माण भाव और विचार, दोनों के संतुलित समन्वय से ही संभव है।
इसी के साथ नवप्रवेशित छात्रों को विश्वविद्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं के बारे में अवगत कराया गया, जिसमें चीफ प्रॉक्टर शशिकांत त्रिपाठी ने विश्वविद्यालय के नियमों एवं अनुशासन के बारे में जानकारी दी। डॉ. अंकित त्रिवेदी ने सुरक्षा और एनसीसी के बारे में बताया गया। डॉ. आशीष तिवारी ने पुस्तकालय के बारे में जानकारी दी गई। डॉ. द्रौपदी यादव द्वारा एनएसएस के बारे में बताया गया। डॉ. रजनीश तिवारी ने खेल और योग की व्यवस्थाओं के बारे में छात्रों को अवगत कराया तथा डॉ. स्नेह पांडे ने छात्रों को छात्रावास की सुविधाओं के बारे में बताया।
विभागाध्यक्ष डॉ. दिवाकर अवस्थी ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें दीक्षारंभ की शुभकामनाएं दीं तथा पूरे मनोयोग, अनुशासन और समर्पण के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय उन्हें सीखने और व्यक्तित्व विकास के पर्याप्त अवसर प्रदान करेगा।
इस अवसर पर विभाग के शिक्षक डॉ. योगेंद्र कुमार पांडेय, डॉ. रश्मि गौतम, सागर कन्नौजिया, प्रेम किशोर शुक्ला डॉ. हरिओम एवं डॉ. होईमावती तालुकेदार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विभाग के सहायक विभागाध्यक्ष डॉ. ओमशंकर गुप्ता ने किया।

addComments
एक टिप्पणी भेजें