Customised Ads
किसान राजकीय कृषि बीज भंडारों से प्राप्त कर सकेंगे अनुदानित बीज एवं निःशुल्क मिनी किट

न्याय धारा/ कानपुर नगर। शनिवार 04 जुलाई 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, बैशाख मास कृष्ण पक्ष की चतुर्थी, वर्षा ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। जिला कृषि अधिकारी अरूणेश प्रताप सिंह ने जनपद के किसान भाइयों को सूचित किया है कि रबी सत्र 2026-27 में अनुदान पर बीज एवं निःशुल्क बीज मिनी किट प्राप्त करने के लिए प्रथम चरण की बुकिंग दिनांक 02 जुलाई 2026 से प्रारम्भ की जा रही है।

उन्होंने बताया कि कृषक कृषि विभाग की वेबसाइट www.agriculture.up.gov.in के माध्यम से स्वयं ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त किसान अपनी सुविधा के अनुसार कार्यालय समय में निकटतम कृषि विभाग कार्यालय अथवा राजकीय कृषि बीज भंडार पर जाकर भी बुकिंग करा सकते हैं।

तोरिया फसल के लिए बुकिंग 02 जुलाई 2026 से 16 अगस्त 2026 तक की जाएगी तथा ई-लॉटरी 17 अगस्त 2026 को आयोजित होगी।

दलहनी फसलों में चना, मटर एवं मसूर तथा तिलहनी फसलों में राई, सरसों एवं अलसी के लिए बुकिंग 10 जुलाई 2026 से 10 सितम्बर 2026 तक की जाएगी। इन फसलों के लिए ई-लॉटरी 11 सितम्बर 2026 को आयोजित होगी।

गेहूँ एवं जौ के लिए बुकिंग 10 जुलाई 2026 से 30 सितम्बर 2026 तक की जाएगी तथा ई-लॉटरी 01 अक्टूबर 2026 को आयोजित होगी।

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि द्वितीय एवं तृतीय चरण की बुकिंग सात-सात दिन के अंतराल पर खोली जाएगी। इसके उपरान्त प्रत्येक चरण तीन दिन का होगा। सोमवार से बुधवार तक बुकिंग की जाएगी तथा बृहस्पतिवार को ई-लॉटरी सम्पन्न होगी। इसके बाद शुक्रवार से रविवार तक पुनः बुकिंग की जाएगी और सोमवार को ई-लॉटरी आयोजित की जाएगी।

उन्होंने जनपद के सभी कृषकों से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि में अपना आवेदन एवं बुकिंग अवश्य कराएं, ताकि अनुदानित बीज एवं निःशुल्क बीज मिनी किट योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।

टिप्पणियाँ