Customised Ads
राष्ट्रीय चिकित्सा दिवस पर आईएमए कानपुर ने कवि सम्मेलन कर डॉक्टरों को सम्मानित किया

न्याय धारा/ कानपुर नगर। बुधवार 01 जुलाई 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, बैशाख मास कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तदुपरि द्वितीया, वर्षा ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। आज इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, कानपुर शाखा द्वारा राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (Doctors’ Day) के अवसर पर सम्मान समारोह एवं कवि सम्मेलन का आयोजन जितेंद्र कुमार लोहिया ऑडिटोरियम आईएमए भवन में सांय 4:30 बजे किया गया।

आज के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कानपुर नगर के सांसद रमेश अवस्थी जी एवं विशिष्ट अतिथि सलिल विश्नोई जी एम एल सी कानपुर नगर, डॉ संजय काला, प्रिंसिपल एवं डीन जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज कानपुर एवं संजय राय जी एसीपी कानपुर थे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर के किया गया।

आईएमए कानपुर के अध्यक्ष डॉ. अनुराग मेहरोत्रा ने बताया कि राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस प्रति वर्ष 1 जुलाई को मनाया जाता है। महान चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. विधान चंद्र राय का जन्म तथा निधन दोनों ही 1 जुलाई को हुआ था। चिकित्सा क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से वर्ष 1991 से भारत में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस मनाने की शुरुआत की गई, जो प्रतिवर्ष मनाया जाता है।

उन्होंने बताया कि इस दिवस को मनाने का उद्देश्य चिकित्सकों के समाज में योगदान तथा उनके सेवा कार्यों के प्रति लोगों को जागरूक करना है। चिकित्सक अपने सुख-दुख से ऊपर उठकर मरीजों की सेवा करते हैं और समाज को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कोविड संक्रमण जैसे चुनौतीपूर्ण समय में भी चिकित्सकों ने निरंतर सेवाएं देकर समाज के प्रति अपने कर्तव्य का निर्वहन किया।

आईएमए कानपुर की सचिव डॉ. शालिनी मोहन ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेष सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाले चिकित्सकों तथा समाज सेवा में अग्रणी भूमिका निभाने वाले विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवा केवल एक पेशा नहीं बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व एवं समर्पण का माध्यम है तथा ऐसे व्यक्तित्व जो अपने कार्यों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य कर रहे हैं, उनका सम्मान किया जाना प्रेरणादायी परंपरा का हिस्सा है।

उन्होंने आगे बताया कि सम्मानित होने वाले व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। इस अवसर पर चिकित्सा एवं समाज सेवा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों के कार्यों को सराहा गया तथा नई पीढ़ी को सेवा, संवेदनशीलता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रेरित करने का प्रयास किया गया।

 इस वर्ष राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर संस्था द्वारा एक विशेष कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आमंत्रित कविगण ने अपनी काव्य प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज, मानवीय संवेदनाओं, चिकित्सा सेवा एवं राष्ट्र भावना से जुड़े विषयों को प्रस्तुत किया । आईएमए कानपुर के चिकित्सकों, सदस्यों एवं नागरिकों ने कार्यक्रम में सहभागिता कर राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस को सफल एवं गरिमामय बनाया। आईएमए कानपुर के अध्यक्ष डॉ अनुराग मेहरोत्रा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की एवं कार्यक्रम का संचालन आईएमए कानपुर की सचिव डॉ शालिनी मोहन ने किया।

टिप्पणियाँ