Customised Ads
कुलाधिपति ने थपथपाई पीठ, विश्वविद्यालय के 41वें दीक्षांत समारोह में 4 उत्कृष्ट शिक्षक हुए सम्मानित

न्याय धारा/ कानपुर नगर। गुरुवार 09 जुलाई 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, बैशाख मास कृष्ण पक्ष की नवमी, वर्षा ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में 9 जुलाई को आयोजित 41वें दीक्षांत समारोह में इस वर्ष उत्कृष्ट अध्यापन और शैक्षणिक योगदान के लिए चार शिक्षकों को 'उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान' प्रदान किया गया। कुलाधिपति एवं प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल द्वारा विश्वविद्यालय के चार शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

सम्मानित होने वाले शिक्षकों में छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के सतत् शिक्षा एवं प्रसार विभाग के डॉ० मानस उपाध्याय, क्राइस्ट चर्च कॉलेज के रसायन विभाग की प्रो० मीत कमल, आचार्य नरेन्द्र देव नगर निगम महिला महाविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग की डॉ० शिखा वर्मा तथा डी०ए०वी० कॉलेज के वनस्पति विज्ञान विभाग के सहायक आचार्य डॉ० सुरेन्द्र प्रताप सिंह शामिल है।डॉ. मानस उपाध्याय सीएसजेएमयू के सतत शिक्षा एवं प्रसार विभाग में सहायक आचार्य के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने शिक्षा का समाजशास्त्र, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक परिवर्तन, वैश्वीकरण, भारतीय ज्ञान परंपरा तथा नई शिक्षा नीति जैसे विषयों पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में 30 से अधिक शोध-पत्र एवं पुस्तक अध्याय प्रकाशित किए हैं तथा समकालीन सामाजिक विषयों पर पुस्तकों का लेखन किया है।

उनके निर्देशन में समकालीन भारत में संयुक्त परिवार व्यवस्था में हो रहे परिवर्तनों पर आईसीएसएसआर का मेजर रिसर्च प्रोजेक्ट तथा भारतीय ज्ञान परंपरा के परिप्रेक्ष्य में सतत विकास हेतु ऋग्वैदिक पर्यावरणीय ज्ञान पर आधारित शोध परियोजना सहित अन्य शोध परियोजनाएँ संचालित हो रही हैं। डॉ. उपाध्याय ने शिक्षण, शोध एवं विश्वविद्यालय के समग्र विकास में योगदान देने के साथ-साथ विभिन्न शैक्षणिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान दिया है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी, एसोसिएट डीन (रिसर्च), स्वर्ण जयंती छात्रावास के वार्डन तथा संघटक महाविद्यालय के समन्वयक सहित अन्य महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। प्रोफेसर मीत कमल क्राइस्ट चर्च कॉलेज के रसायन विभाग की सहायक आचार्या हैं। उन्होंने नैनो पार्टिकल्स, एनवायरनमेंटल केमिस्ट्री, मेडिसिनल केमिस्ट्री सहित कई विषयों पर 10 से अधिक पुस्तकें लिखी हैं। उनके 50 से अधिक शोध-पत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं।

डॉ० शिखा वर्मा आचार्य नरेन्द्र देव नगर निगम महिला महाविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग की सहायक आचार्या हैं। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य, सामाजिक समर्थन, युवाओं के मनोविज्ञान, महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक मनोविज्ञान जैसे विषयों पर 35 से अधिक शोध-पत्र प्रकाशित किए हैं। उनके राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में अनेक शोध-पत्र, पुस्तकें एवं पुस्तक अध्याय भी प्रकाशित हैं।

डॉ० सुरेन्द्र प्रताप सिंह वर्तमान में डी.ए.वी. (पीजी) कॉलेज, कानपुर में वनस्पति विज्ञान विभाग में सहायक आचार्य के रूप में कार्यरत हैं। वे पादप आणविक जीवविज्ञान के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक हैं, जिनका शोध पौधों के विकास, जीनोमिक्स, जैव प्रौद्योगिकी तथा पर्यावरणीय तनावों के प्रति उनकी अनुकूलन क्षमता पर केंद्रित है। उनके नाम 53 से अधिक शोध-पत्र, 2 पुस्तकें, 36 पुस्तक अध्याय, एक अमेरिकी पेटेंट तथा अनेक शोध किए हैं।

इन चार शिक्षकों उनके शोध एवं अकादमिक उपलब्धियों के आधार पर छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के 41वें दीक्षांत समारोह में "सीएसजेएमयू उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान" से सम्मानित किया गया। शिक्षकों के सम्मान पर कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से प्रतिवर्ष यह सम्मान ऐसे शिक्षकों को दिया जाता है, जिन्होंने अध्यापन, शोध, अकादमिक नवाचार एवं विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया हो। इसी क्रम में इस वर्ष भी दीक्षांत समारोह में चार शिक्षकों को उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान प्रदान किया गया।

टिप्पणियाँ