Customised Ads
1200 मतदाताओं के मानक पर होगा सम्भाजन, 4 जुलाई को प्रकाशित होगी आलेख्य सूची

न्याय धारा/ कानपुर नगर। बुधवार 01 जुलाई 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी /संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, बैशाख मास कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तदुपरि द्वितीया, वर्षा ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित हुई। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार मतदेय स्थलों के सम्भाजन (रैशनलाइजेशन) की कार्यवाही, निर्धारित मानकों एवं समय-सारिणी की जानकारी देते हुए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रस्तावित प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदेय स्थलों का सम्भाजन 1200 मतदाताओं के मानक के आधार पर किया जा रहा है। इसके लिए मतदेय स्थल भवनों एवं उनसे संबद्ध निर्वाचक नामावली के भागों का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है। सम्भाजन की कार्यवाही में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि संबंधित मतदाता अपने निवास के निकट स्थित मतदेय स्थल से संबद्ध रहें तथा किसी भी परिवार के सदस्यों के नाम यथासंभव एक ही अनुभाग एवं एक ही मतदेय स्थल पर रहें।

बैठक में बताया गया कि 4 जुलाई को मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची प्रकाशित कर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाएगी। इसके पश्चात उक्त सूची पर आपत्तियां एवं सुझाव प्राप्त किए जाएंगे। वर्तमान सांसदों, विधानसभा सदस्यों एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित कर प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों का निस्तारण करते हुए 18 जुलाई तक सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा सभी संलग्नकों सहित मतदेय स्थलों का प्रस्ताव 25 जुलाई तक मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को आयोग के अनुमोदनार्थ भेजने हेतु उपलब्ध कराया जाएगा।

सम्भाजन की कार्यवाही के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि मतदाताओं को यथासंभव अपने निवास के निकट मतदेय स्थल उपलब्ध हो तथा लगभग दो किलोमीटर से अधिक दूरी तय न करनी पड़े। पुराने, जर्जर एवं अस्थायी भवनों में संचालित मतदेय स्थलों को उसी मतदान क्षेत्र के स्थायी एवं उपयुक्त भवनों में स्थानांतरित किया जाएगा। जहां नई आवासीय कॉलोनियां एवं ग्रुप हाउसिंग सोसायटियां विकसित हो चुकी हैं, वहां आवश्यकता के अनुसार नए मतदेय स्थलों की स्थापना पर विचार किया जाएगा। सभी मतदेय स्थल यथासंभव भूतल पर स्थापित किए जाएंगे तथा दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए रैम्प सहित आवश्यक न्यूनतम सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। राजनीतिक दलों से प्राप्त सभी शिकायतों एवं सुझावों का सम्यक परीक्षण कर उनका नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विवेक चतुर्वेदी, एसडीएम सदर/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनुभव सिंह, एसडीएम घाटमपुर अबिचल प्रताप सिंह, एसडीएम नरवल विवेक मिश्रा, एसडीएम बिल्हौर मनीष कुमार सहित जनपद के समस्त विधानसभाओं के रिटर्निंग ऑफिसर तथा भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ