न्याय धारा/ कानपुर नगर। मंगलवार 07 जुलाई 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी /संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, बैशाख मास कृष्ण पक्ष की सप्तमी, वर्षा ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र ने सर्वसाधारण को सूचित किया है कि उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में प्रदेश के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के स्थानीय दस्तकारों तथा पारंपरिक कारीगरों के विकास एवं स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना” संचालित की जा रही है।
योजना के अंतर्गत जनपद में बढ़ई, नाई, दर्जी, कुम्हार, लोहार, सोनार, राजमिस्त्री, हलवाई, मोची एवं धोबी ट्रेड के पारंपरिक कारीगरों को 10 दिवसीय कौशल विकास प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
प्रशिक्षण पूर्ण करने के उपरांत सफल प्रशिक्षार्थियों को आधुनिक तकनीक पर आधारित उन्नत किस्म के टूलकिट उपलब्ध कराए जाएंगे। जनपद के इच्छुक एवं कुशल कारीगर उक्त ट्रेडों में प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु विभागीय वेबसाइट msme.gov.in पर दिनांक 17 जुलाई 2026 तक निःशुल्क ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदनकर्ता की आयु 18 वर्ष अथवा उससे अधिक होनी चाहिए तथा वह संबंधित ट्रेड में कार्यरत होना आवश्यक है।
उपायुक्त उद्योग ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम पूर्णतः निःशुल्क एवं आवासीय होगा। प्रशिक्षण के माध्यम से कारीगरों की कार्यकुशलता में वृद्धि की जाएगी, जिससे वे आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर अपने व्यवसाय को अधिक प्रभावी एवं सफल ढंग से संचालित कर सकें।

addComments
एक टिप्पणी भेजें