Customised Ads
पुलिस कमिश्नरेट ने किया साइबर फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश, 06 अभियुक्त गिरफ्तार

न्याय धारा/ कानपुर नगर। रविवार 19 जुलाई 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, बैशाख मास शुक्ल पक्ष की पंचमी, वर्षा ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। आज कानपुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत थाना नवाबगंज पुलिस एवं सेंट्रल जोन की साइबर क्राइम टीम ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए साइबर फ्रॉड के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश कर 06 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

गिरोह का मुख्य सरगना क्षितिज वर्तमान में फरार है, जिसकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।

इस कार्यवाही मे गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से बैंकिंग दस्तावेज, कई एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन, ₹58,800 नकद, एक कार एवं एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। जांच में यह भी प्रकाश में आया है कि अभियुक्तों से संबंधित बैंक खातों के विरुद्ध एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर 50 से अधिक साइबर शिकायतें दर्ज हैं।

प्रारंभिक विवेचना में ज्ञात हुआ है कि अभियुक्त लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाते थे तथा उन्हीं खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि के लेन-देन एवं हेराफेरी के लिए करते थे।

प्रकरण में पुलिस गिरोह के संपूर्ण नेटवर्क की पड़ताल कर रही है तथा फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

टिप्पणियाँ