Customised Ads
सीएसजेएमयू के स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज में जर्मन एवं फ्रेंच सर्टिफिकेट कोर्स में प्रवेश शुरू

न्याय धारा/ कानपुर नगर। शुक्रवार 05 जून 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, अधिक जेष्ठ मास कृष्ण पक्ष की पंचमी (पुरुषोत्तम मास), ग्रीष्म ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर।  छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज में सत्र 2026-27 के लिए सर्टिफिकेट कोर्स इन जर्मन तथा सर्टिफिकेट कोर्स इन फ्रेंच में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

दोनों पाठ्यक्रमों का संचालन पूर्णतः ऑफलाइन मोड में किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को भाषा सीखने के साथ-साथ नियमित कक्षा-शिक्षण, संवाद अभ्यास और व्यक्तिगत मार्गदर्शन का लाभ प्राप्त होगा।

इन सर्टिफिकेट कोर्सों की विशेषता यह है कि इन्हें वे विद्यार्थी भी कर सकते हैं जो विश्वविद्यालय में किसी पूर्णकालिक पाठ्यक्रम जैसे स्नातक, परास्नातक या अन्य नियमित कार्यक्रम में अध्ययनरत हैं। इस प्रकार विद्यार्थी अपने मुख्य पाठ्यक्रम के साथ-साथ विदेशी भाषा का अतिरिक्त कौशल भी अर्जित कर सकते हैं, जो उनके शैक्षणिक और व्यावसायिक भविष्य को और अधिक मजबूत बनाएगा। स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज के निर्देशक डॉ. सर्वेश मणि त्रिपाठी के अनुसार कैंपस में संचालित ये पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को वैश्विक भाषाई दक्षता प्रदान करने के उद्देश्य से तैयार किए गए हैं। जर्मन और फ्रेंच जैसी विदेशी भाषाओं का ज्ञान आज उच्च शिक्षा, अनुवाद, पर्यटन, बहुराष्ट्रीय कंपनियों, दूतावासों, शोध, अंतरराष्ट्रीय रोजगार अवसरों और शैक्षणिक आदान-प्रदान के क्षेत्र में अत्यंत उपयोगी माना जा रहा है। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को रोजगारपरक कौशल, व्यक्तित्व विकास और भविष्य की बेहतर संभावनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। विश्वविद्यालय परिसर में उपलब्ध आधुनिक शैक्षणिक वातावरण, अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन, भाषा-अभ्यास की सुविधा और प्लेसमेंट से जुड़ी संभावनाएँ इन पाठ्यक्रमों को विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी बनाती हैं। प्रवेश की अंतिम तिथि 15 जून 2026 निर्धारित की गई है।

टिप्पणियाँ