Customised Ads
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऐतिहासिक कीर्तिमान पर बड़े हनुमान मंदिर में हुआ हनुमान चालीसा पाठ एवं पूजन-अर्चन

न्याय धारा/ कानपुर नगर। बुधवार 10 जून 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, अधिक जेष्ठ मास कृष्ण पक्ष की दसमी (पुरुषोत्तम मास), ग्रीष्म ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर।   भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में आज एक गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ गया, जब माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के सबसे लंबे समय तक निरंतर निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने का ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर जूही डिपो स्थित बड़े हनुमान मंदिर में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति में हनुमान चालीसा पाठ एवं पूजन-अर्चन का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बजरंगबली के श्रीचरणों में राष्ट्र की सुख-समृद्धि, जनकल्याण तथा विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि हेतु प्रार्थना की। हनुमान चालीसा पाठ के माध्यम से देश के यशस्वी नेतृत्व, सुशासन एवं निरंतर प्रगति के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त की गईं।

इस अवसर पर भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 4,399 दिनों की जनसेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण की यात्रा ने करोड़ों देशवासियों के विश्वास को सशक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि लोकतंत्र के प्रति जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है तथा विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करती है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है और देश विकास, आत्मनिर्भरता एवं सुशासन के नए आयाम स्थापित कर रहा है। यह कीर्तिमान प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष निराला नगर विनीत दुबे, पार्षद अवधेश त्रिपाठी, शुभम त्रिवेदी, जिला मंत्री पंकज द्विवेदी, मंडल महामंत्री अभिषेक अवस्थी, सुखवंत सिंह, आशुतोष शर्मा, किरण पांडे, मंडल मंत्री नितिन गुप्ता, सुरेंद्र तिवारी, धर्मेंद्र शुक्ला, करण सविता सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ