Customised Ads
कानपुर में युवती ने लगाया दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, कार्रवाई न होने पर लगाई न्याय की गुहार

न्याय धारा/ कानपुर नगर। शनिवार 13 जून 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, अधिक जेष्ठ मास कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी (पुरुषोत्तम मास), ग्रीष्म ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। चौबेपुर थाना क्षेत्र की एक युवती ने गांव के ही एक युवक पर जबरन पकड़कर अश्लील हरकत करने और दुष्कर्म का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने न तो एफआईआर दर्ज की है और न ही आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई की है। न्याय की मांग को लेकर पीड़िता ने मीडिया के सामने अपनी आपबीती रखी।

पीड़िता ने प्रेसवार्ता में बताया कि उसके पिता ई-रिक्शा चालक हैं। आरोप है कि 10 जून की रात वह अपने पिता के ई-रिक्शा का चार्जर निकालकर घर में रखने जा रही थी, तभी गांव निवासी जय तिवारी ने अपने कुछ साथियों के साथ उसे पकड़ लिया और उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। पीड़िता के अनुसार शोर मचाने पर आरोपी और उसके साथी मौके से फरार हो गए।

घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने डायल-112 पर सूचना दी तथा थाना चौबेपुर में शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, उसका आरोप है कि कई दिन बीतने के बाद भी पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पीड़िता के अधिवक्ता प्रेम नारायण दुबे ने बताया कि मामले की शिकायत डीसीपी वेस्ट और पुलिस आयुक्त से भी की गई है, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

वहीं, इस संबंध में डीसीपी वेस्ट एस.एन. कासिम आबिदी ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश एडीसीपी वेस्ट राजेश कुमार पाण्डेय को दे दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पीड़िता न्याय की आस लगाए हुए है और पुलिस प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग कर रही है।

टिप्पणियाँ