न्याय धारा/ कानपुर नगर। रविवार 07 जून 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, अधिक जेष्ठ मास कृष्ण पक्ष की सप्तमी (पुरुषोत्तम मास), ग्रीष्म ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। आयुर्वेद में शल्य चिकित्सा के जनक महर्षि सुश्रुत व उनके शिष्यों की मूर्तियों छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय परिसर स्थित औषधि वाटिका में स्थापित की जायेगी जिसके लिये रविवार को मूर्तियों के फाउंडेशन व कुटी निर्माण के लिये शिलान्यास नीमा वुमेन्स फोरम उत्तर प्रदेश की सचिव वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्या डॉ वंदना पाठक के द्वारा किया गया।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो विनय कुमार पाठक की प्रेरणा व मार्गदर्शन में इस कुटी का निर्माण कराया जा रहा है।
इस दौरान उन्होंने कहा कि अपने इस कुटी का निर्माण केवल एक प्रदर्शनी स्थल के रूप में नहीं, बल्कि एक प्रेरणा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इस कुटी के माध्यम से आयुर्वेद की प्राचीन ज्ञान परम्परा, महर्षि सुश्रुत के चिकित्सा विज्ञान में योगदान तथा भारतीय चिकित्सा विरासत को बढ़ावा देते हुए जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया जायेगा।
साथ ही उन्होंने बताया कि कुटी के भीतर महर्षि सुश्रुत की मूर्ति के साथ-साथ औषधि निर्माण, रोगोपचार एवं चिकित्सा कार्यों में संलग्न उनके शिष्यों की मूर्तियाँ स्थापित की जाएंगी। आयुर्वेद के शल्य चिकित्सकों के लिये यह बहुत ही गौरव की बात होगी। आने वाली महर्षि सुश्रुत जयंती के अवसर पर चिकित्सा कैम्प का भी आयोजन किया जायेगा।
इन मूर्तियों का निर्माण फाइन आर्ट्स विभाग के विद्यार्थियों द्वारा जूतिबली यादव एवं डॉ. राज कुमार सिंह के मार्गदर्शन में किया गया है। वहीं निदेशक डॉ. मिठाई लाल ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की जा रही मूर्तियों का अवलोकन किया तथा उनकी सृजनात्मकता, लगन और मेहनत की प्रशंसा की। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने इस पहल को विश्वविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बतायी। इस मौके पर राकेश मिश्रा व सुभाष तिवारी आदि लोग उपस्थित रहे।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.विनय कुमार पाठक ने कहा कि इस प्रकार की विश्वविद्यालय में इस वर्कर की परियोजनाएँ विद्यार्थियों को अपनी कलात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारतीय सांस्कृतिक एवं वैज्ञानिक विरासत से जुड़ने का अवसर प्रदान करती हैं। यह प्रदर्शनी आयुर्वेद, चिकित्सा इतिहास तथा भारतीय ज्ञान परम्परा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

addComments
एक टिप्पणी भेजें