Customised Ads
सीएसजेएमयू के विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित कंपनियों में मिली प्लेसमेंट सफलता

न्याय धारा/ कानपुर नगर। शुक्रवार 19 जून 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, शुद्ध जेष्ठ मास शुक्ल पक्ष की चतुर्थी, ग्रीष्म ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के यशस्वी कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक के नेतृत्व एवं दूरदर्शी सोच के परिणामस्वरूप विश्वविद्यालय की ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल विद्यार्थियों को रोजगार के उत्कृष्ट अवसर प्रदान करने हेतु निरंतर प्रयासरत है। इन सतत प्रयासों के फलस्वरूप जून 2026 में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों का प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियों में चयन हुआ है।

हाल ही में आयोजित प्लेसमेंट प्रक्रिया में मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के 5 बी.टेक. विद्यार्थियों का चयन PTC Industries, लखनऊ में ₹2.50 लाख वार्षिक पैकेज पर हुआ है। चयनित विद्यार्थियों में सौरभ मणि त्रिपाठी, संजीव यादव, अंडीप कुमार, पियूष कुमार एवं प्रियांशु सिंह शामिल हैं।

इसी क्रम में SRF लिमिटेड में ₹3.40 लाख वार्षिक पैकेज पर 4 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। चयनित विद्यार्थियों में तन्वी यादव (बी.एससी. रसायन विज्ञान), अंशिका प्रजापति (बी.टेक. केमिकल इंजीनियरिंग), साक्षी कटियार (बी.टेक. केमिकल इंजीनियरिंग) एवं आयुषी वर्धन (बी.टेक./बी.ई.) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, Cadila Pharmaceuticals में प्रभुपादकर (एम.एससी. रसायन विज्ञान) एवं हिमानी पिलखवाल (बी.एससी. रसायन विज्ञान) का चयन हुआ है। साथ ही, बीसीए के छात्र पुलकित गर्ग का चयन प्रतिष्ठित आईटी कंपनी Birlasoft में हुआ है।

इस उपलब्धि पर माननीय कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के निदेशक डॉ. प्रवीण भाई पटेल ने सभी चयनित छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

विश्वविद्यालय परिवार ने सभी चयनित छात्र-छात्राओं को उनकी सफलता पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।

टिप्पणियाँ